सरोजिनी नगर मार्केट में अवैध TVC सर्वे से बाजार में भारी रोष

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जून 2025): सरोजिनी नगर मार्केट शॉपकीपर्स एसोसिएशन (SMSA) ने चल रहे टाउन वेंडिंग कमेटी (TVC) सर्वे को लेकर गंभीर आपत्ति दर्ज कराई है। एसोसिएशन का कहना है कि यह सर्वे स्ट्रीट वेंडर्स अधिनियम, 2014 और माननीय दिल्ली उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के यथास्थिति आदेशों का खुला उल्लंघन है।

SMSA ने NDMC के अध्यक्ष और सचिव व सरोजिनी नगर थाना प्रभारी को भेजे गए पत्र में आरोप लगाया है कि इस सर्वे में अमान्य और पूर्व में मौजूद न रहने वाले लोगों को अवैध रूप से शामिल किया जा रहा है, विशेषकर G-अवेन्‍यू जैसे नो-वेंडिंग ज़ोन में, जो कि NDMC की ज़ोनिंग नीति के खिलाफ है।

एसोसिएशन ने यह भी उजागर किया कि कुछ ऐसे व्यक्तियों को शामिल किया गया है जिन पर कोर्ट में मामले लंबित हैं, जैसे कि श्री मनोज, श्री गणेश, और श्री गोविंद प्रसाद गुप्ता, जिससे न्यायिक प्रक्रिया की गंभीर अवमानना हो रही है। SMSA का मानना है कि इस सर्वे में भ्रष्टाचार और पैसों के लेन-देन की आशंका भी है।

पूर्व में NDMC द्वारा 2015 और 2018 में किए गए सर्वे में लगभग 190 वेंडर्स ही सूचीबद्ध थे, लेकिन वर्तमान सर्वे में इन आंकड़ों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

SMSA की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:
1. वर्तमान TVC सर्वे को तत्काल रोक दिया जाए।

2. नो-वेंडिंग ज़ोन (विशेष रूप से G-अवेन्‍यू) को सर्वे से बाहर किया जाए।

3. नए दावेदारों को एक अलग रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

4. सर्वे के दौरान दस्तावेजों की कड़ी जांच की जाए।

5. जिन वेंडर्स के खिलाफ कोर्ट में केस लंबित हैं, उन्हें सर्वे से बाहर रखा जाए।

6. सर्वे की प्रक्रिया में SMSA प्रतिनिधियों को शामिल किया जाए।

7. प्रतिदिन सर्वे का डेटा और वीडियो रिकॉर्डिंग सार्वजनिक की जाए।

8. नो-वेंडिंग ज़ोन में अवैध वेंडिंग पर सख्त कार्रवाई की जाए।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 48 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वह RTI, मीडिया, और न्यायालय की अवमानना याचिका जैसे कानूनी विकल्प अपनाएगा।

यह पत्र NDMC के विभिन्न विभागों, पुलिस अधिकारियों और सामाजिक संगठनों को भी भेजा गया है ताकि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

अशोक कुमार कालरा


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।