अमित शाह का कांग्रेस पर पलटवार: “पूरा बयान सामने लाएं, दूध का दूध और पानी का पानी होगा”

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 दिसंबर 2024): केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि वह सपने में भी बाबा साहब भीमराव आंबेडकर का अपमान नहीं कर सकते। जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में अमित शाह ने कांग्रेस पर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान के 75 वर्षों के उपलक्ष्य में लोकसभा और राज्यसभा में देश की उपलब्धियों और गौरव यात्रा पर चर्चा हुई। लेकिन कांग्रेस ने इसे गलत ढंग से प्रस्तुत किया।

अमित शाह ने कहा कि जब भाजपा के वक्ताओं ने कांग्रेस की अंबेडकर और संविधान विरोधी नीतियों को उजागर किया, तो कांग्रेस ने झूठ फैलाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सावरकर, सेना और भारतीय जमीन के मुद्दों पर भी देश का अपमान किया।

आंबेडकर को भारत रत्न न देने का आरोप

गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब आंबेडकर को कभी उचित सम्मान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने खुद को भारत रत्न दिया, लेकिन आंबेडकर को भारत रत्न 1990 में मिला, जब कांग्रेस सत्ता में नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 1990 तक यह सुनिश्चित करने की कोशिश की कि आंबेडकर को भारत रत्न न मिले।

“मेरे बयानों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया”

अमित शाह ने कांग्रेस पर अपने बयानों को गलत तरीके से पेश करने और झूठी खबरें फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में उनके भाषण का गलत वीडियो कांग्रेस ने चुनावी लाभ के लिए इस्तेमाल किया। शाह ने कहा, “मैं सपने में भी आंबेडकर के खिलाफ नहीं बोल सकता।”

“कांग्रेस ने बाबा साहब के विचारों को दबाया”

अमित शाह ने नेहरू जी की किताब Selected Works of Jawahar Lal Nehru का हवाला देते हुए कहा कि आंबेडकर को महत्वपूर्ण विभाग नहीं दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि आंबेडकर अनुच्छेद 370 के खिलाफ थे, लेकिन कांग्रेस ने उनकी बात नहीं मानी।

“खड़गे साहब राहुल गांधी के दबाव में हैं”

अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि खड़गे बाबा साहब के नाम पर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। शाह ने चुनौती दी कि कांग्रेस उनके पूरे बयान को सामने लाए।

“कांग्रेस पर कानूनी कार्रवाई करेगा बीजेपी”

अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा उनके बयान के साथ छेड़छाड़ के मामले में भाजपा कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, “संसद के अंदर और बाहर हमारे पास सभी लीगल विकल्प हैं। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।”

अमित शाह ने इस दौरान कांग्रेस के आपातकाल लागू करने और मंडल आयोग की रिपोर्ट को लागू न करने की आलोचना की। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि राजीव गांधी ने ओबीसी आरक्षण का संसद में विरोध किया था।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।