नई दिल्ली (12 जून 2025): गुजरात के अहमदाबाद शहर से एक अत्यंत दर्दनाक खबर सामने आई, जहां एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में कुल 242 यात्री सवार थे। हादसा अहमदाबाद के मेघानी नगर इलाके में हुआ, जिससे शहर में अफरा-तफरी फैल गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। इस घटना ने पूरे देश को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली प्रदेश भाजपा ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
दिल्ली भाजपा का आज शाम बांग्लादेश दूतावास पर एक विरोध प्रदर्शन निर्धारित था, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाग लेने वाले थे। यह प्रदर्शन बांग्लादेश में रवींद्रनाथ टैगोर के पैतृक आवास में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में आयोजित किया जा रहा था। मगर अहमदाबाद में हुए विमान हादसे और उसमें हुए संभावित जानमाल के नुकसान को देखते हुए पार्टी ने इसे स्थगित करने का निर्णय लिया। साथ ही, मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर सांसद बांसुरी स्वराज की ओर से निर्धारित प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी फिलहाल टाल दिया गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, “अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और स्तब्ध कर देने वाला है। मैं सभी यात्रियों और उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी यात्री सकुशल हों और घायल लोगों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिले। इस कठिन समय में हम पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं।”
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने भी हादसे को ‘बेहद दुखद और विचलित कर देने वाला’ बताया। उन्होंने सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सलामती के लिए प्रार्थना करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने मृतकों के प्रति विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं जताईं।
घटना की गंभीरता को समझते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह और नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और उन्हें तत्काल अहमदाबाद जाकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रधानमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि प्रभावित यात्रियों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाए।
देश भर में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, अहमदाबाद में एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की टीमें राहत कार्य में जुटी हुई हैं। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है, और नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इसकी उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। इस त्रासदी ने एक बार फिर यह एहसास दिला दिया है कि जीवन कितना अनिश्चित है। पूरा देश इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है, और सभी की नजरें अहमदाबाद से आने वाली अपडेट्स पर टिकी हुई हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।