UP के 28,830 चौराहों का होगा कायाकल्प, 2000 करोड़ रुपये खर्च करेगी योगी सरकार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

लखनऊ (10 जून 2025): उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की सड़क व्यवस्था को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के 28,830 चौराहों, तिराहों और प्रमुख जंक्शनों का कायाकल्प करने के लिए 2000 करोड़ रुपये की योजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Chief Minister Yogi Adityanath) के निर्देशों पर इस महात्वाकांक्षी परियोजना का खाका तैयार कर लिया है।

सरकार का उद्देश्य न केवल यातायात की गति में सुधार लाना है, बल्कि सड़क सुरक्षा के मानकों को सख्ती से लागू करना भी है। इसके तहत प्रदेश भर के सभी ब्लैक स्पॉट्स, संकीर्ण मार्ग, और अव्यवस्थित जंक्शनों पर पुनर्विकास व सुधार कार्य किए जाएंगे।

ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार, दो लेन वाले मार्ग होंगे मानक के अनुरूप

वर्ष 2021 से 2024 के बीच राज्य में 1,435 ब्लैक स्पॉट्स पर सुधार कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। वहीं अब सरकार का फोकस उन मार्गों पर है जो दो लेन से कम चौड़ाई के हैं। इन मार्गों को न्यूनतम दो लेन चौड़े (पेव्ड शोल्डर युक्त) बनाया जाएगा ताकि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

इसके लिए 748 करोड़ रुपये की लागत से कुल 895 पेव्ड शोल्डर कार्य पूरे किए जाएंगे।

राज्यमार्गों पर ट्रक ले-बाई और जियोमेट्रिक सुधार कार्य भी तेज़

50 किलोमीटर से अधिक लंबे राज्यमार्गों पर ट्रक ले-बाई की सुविधा भी विकसित की जाएगी। 8,887 किमी की लंबाई में फैले 102 कार्यों की पहचान की जा चुकी है। इसके साथ ही, उन मार्गों पर मेजर जियोमेट्रिक इंप्रूवमेंट किए जाएंगे जहां वास्तविक यातायात गति प्रस्तावित डिजाइन गति से 50% तक कम पाई गई है।

रोड सेफ्टी के मानकों के अनुरूप होगा चौराहों का पुनर्विकास

28,830 चौराहों पर यह कार्य दीर्घकालिक और अल्पकालिक दोनों स्तरों पर किया जाएगा। इसमें रोड सिग्नल्स, फुटओवर ब्रिज, साइनबोर्ड्स, रोड मार्किंग, और रिफ्लेक्टिव सुरक्षा संकेत शामिल होंगे। ये सभी कार्य रोड सेफ्टी के राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किए जाएंगे।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।