उस्मानपुर की कोठी गांव में दो भाइयों पर डंडों से हमला, पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (8 जून 2025): दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले उस्मानपुर की कोठी गांव में रविवार दोपहर खेत में काम कर रहे दो सगे भाइयों पर पड़ोसियों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित राकेश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने छोटे भाई बब्बू के साथ खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पास में रहने वाले तीन पड़ोसी अपने दो रिश्तेदारों को साथ लेकर वहां पहुंचे और बिना किसी उकसावे के गाली-गलौज शुरू कर दी। जब राकेश और उसके भाई ने इसका विरोध किया, तो सभी पांचों लोगों ने डंडों से उन पर अचानक हमला कर दिया।
हमले में राकेश और बब्बू के पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।रविवार शाम को पीड़ित पक्ष ने दनकौर कोतवाली में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। राकेश का कहना है कि यह हमला पुरानी रंजिश का परिणाम है, जो काफी समय से चली आ रही थी।
पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की जानकारी सीधे कोतवाली में देने की अपील की है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।