घर में चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, लाखों के गहने और तमंचा बरामद
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (8 जून 2025): दनकौर कोतवाली पुलिस ने घरों में चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नंगला जहानू गांव, थाना जेवर निवासी नूर मोहम्मद और सरफराज के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, ₹7,800 नकद और एक अवैध तमंचा बरामद किया है।
कोतवाली प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि नूर मोहम्मद के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सरफराज के विरुद्ध भी दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
रीलखा गांव में की थी बड़ी चोरी
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने 13 जनवरी को थाना क्षेत्र के रीलखा गांव निवासी गजराज के घर में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। इस वारदात में आरोपियों ने घर से नगदी और बहुमूल्य आभूषण चुराए थे।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
शनिवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति कस्बे के समीप देखे गए हैं। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनका पीछा कर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अन्य चोरियों में भी शामिल होने का खुलासा
पुलिस पूछताछ में नूर मोहम्मद और सरफराज ने कई अन्य चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोह पर अंकुश लगने की उम्मीद है। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर जल्द ही और भी खुलासे हो सकते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।