दिल्ली में फिर लौट रही प्रचंड गर्मी, तापमान 44 डिग्री पार करने की चेतावनी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07 जून 2025): दिल्ली का मौसम एक बार फिर करवट लेने लगा है और अब गर्मी अपने चरम रूप में लौट रही है। कुछ दिनों की राहत के बाद मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिन दिल्ली में गर्म हवाओं के बीच आसमान साफ़ रहेगा और सूरज की किरणें सीधे ज़मीन को झुलसाएंगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 10 और 11 जून को राजधानी का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर जा सकता है। शनिवार को तापमान 40 डिग्री पार कर गया, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के आस-पास बना रहा।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली में तेज़ धूप और लू जैसे हालात अगले तीन दिनों तक बने रहेंगे। 10 और 11 जून को लू की चेतावनी के साथ अधिकतम तापमान 43 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर कोई बड़ा सिस्टम नहीं है, जिससे हवाएं शुष्क हो गई हैं और बादल नदारद हैं। इसके कारण दिल्ली की गर्मी और ज़्यादा तीव्र हो गई है। साथ ही, दिन में गर्म हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है।

बीते शुक्रवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से 1.8 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री रहा, जो औसत से दो डिग्री नीचे था। हालांकि इस दिन शाम तक दिल्ली का आर्द्रता स्तर 47 प्रतिशत तक पहुंच गया था, जिससे उमस बनी रही। इससे पहले पांच जून तक तापमान 40 डिग्री से नीचे बना रहा था, लेकिन अब यह धीरे-धीरे बढ़ रहा है।

गुरुवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहा, जबकि तीन जून को यह 33.1 डिग्री और चार जून को 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। तेज़ हवाओं के चलते शुरुआती जून में गर्मी का असर थोड़ा कम था, लेकिन अब हवाओं की गति में भी गिरावट आई है। तापमान में यह अचानक बढ़ोतरी लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है, विशेषकर बुज़ुर्गों और बच्चों को इससे सावधान रहने की जरूरत है।

गर्मी के साथ दिल्ली की वायु गुणवत्ता को लेकर कुछ राहत की खबर भी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार शुक्रवार को शाम चार बजे दिल्ली का एक्यूआई 161 रहा, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के मापदंडों के अनुसार एक्यूआई 101 से 200 के बीच मध्यम माना जाता है, जो सांस संबंधी समस्याओं वाले लोगों के लिए हल्की परेशानी का कारण बन सकता है। हालांकि अभी गंभीर स्थिति नहीं है, लेकिन तापमान बढ़ने के साथ प्रदूषण भी तेज़ी से बढ़ सकता है।

मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें और पानी की पर्याप्त मात्रा लें। लू से बचने के लिए ढीले और हल्के रंग के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। साथ ही, गर्मी के कारण शरीर में पानी और नमक की कमी हो सकती है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में दिल्ली के नागरिकों को आगामी दिनों में सावधानीपूर्वक दिनचर्या तय करनी होगी, क्योंकि मौसम अब राहत नहीं, चुनौती बनकर लौट रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।