गोगी गैंग के सदस्य ‘बादल’ के माता-पिता गिरफ्तार: रंगदारी और अपहरण का आरोप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (07 जून 2025): दिल्ली पुलिस को रंगदारी के एक सनसनीखेज मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात गोगी गैंग से जुड़े गैंगस्टर हरसिमरन उर्फ बादल के माता-पिता को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों फरार अपराधियों की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ बिल्लू और उसकी पत्नी सुखबीर कौर के रूप में हुई है। यह गिरफ्तारी दिल्ली के मुकरबा चौक इलाके से की गई, जहां पुलिस ने विशेष टीम बनाकर ट्रैप लगाया था। दोनों पति-पत्नी लंबे समय से भगोड़े घोषित थे और पुलिस को इनकी तलाश थी।

डीसीपी भीष्म सिंह ने जानकारी दी कि ये आरोपी अपने बेटे के साथ मिलकर रंगदारी वसूलने, अपहरण और हमले जैसी गंभीर आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे। वर्ष 2019 में इन्होंने शालीमार बाग निवासी विजय कुमार भाटिया को अगवा कर एक दुकान में बंद किया और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। पीड़ित को धमकाया गया कि अगर उसने अपने फ्लैट्स हरसिमरन के नाम नहीं किए, तो जान से मार दिया जाएगा। बाद में घायल हालत में उसे बवाना नहर के पास फेंक कर आरोपी फरार हो गए थे।

इस अपराध के सिलसिले में शालीमार बाग थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज हुआ था। कोर्ट ने हरविंदर और सुखबीर को भगोड़ा घोषित कर दिया था और इनके खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज हुआ। दोनों लगातार अपना ठिकाना बदलते रहे ताकि गिरफ्तारी से बच सकें। इस मामले की जांच के लिए एसीपी रंजीत ढाका की देखरेख में विशेष टीम बनाई गई थी, जिसने गुप्त सूचना के आधार पर इन्हें मुकरबा चौक से दबोच लिया।

पंजाब के मूल निवासी और दिल्ली के शालीमार बाग में रहने वाले यह दंपती, न केवल अपने बेटे के साथ अपराध में सक्रिय थे, बल्कि सुखबीर कौर पहले भी 2013 के एक रंगदारी केस में वांटेड रह चुकी है। उस मामले में भी वह भगोड़ा घोषित की गई थी। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर गोगी गैंग की अन्य गतिविधियों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। अगर आरोप सही पाए गए, तो दोनों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और गैंगस्टर नेटवर्क पर कड़ी चोट मानी जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।