रिश्तेदार ने प्लॉट के नाम पर की 16 लाख की धोखाधड़ी, बुजुर्ग को दी जान से मारने की धमकी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (7 जून 2025): दनकौर क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक बुजुर्ग से न केवल लाखों की ठगी की गई, बल्कि उन्हें धमकियां भी दी गईं। पीड़ित ने पुलिस की लचर कार्रवाई के बाद कोर्ट की शरण ली, जिसके आदेश पर अब मामला दर्ज कर जांच शुरू हो गई है।

यह मामला पीपलका सूरतपुर गांव निवासी 65 वर्षीय समय सिंह से जुड़ा है। दिसंबर 2023 में उनके ही रिश्तेदार सुजीत ने उन्हें दनकौर क्षेत्र में स्थित 1390 वर्ग मीटर के प्लॉट को बेचने का प्रस्ताव दिया। समय सिंह ने भरोसे में आकर सुजीत के बैंक खाते में कुल 16 लाख 71 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। साथ ही प्लॉट का एग्रीमेंट भी उनके नाम करवा लिया गया।

मामला तब संदिग्ध हुआ जब जुलाई 2024 में समय सिंह को जानकारी मिली कि सुजीत ने वही प्लॉट, जिसमें उनका निवेश था, उसका 1003 वर्ग मीटर हिस्सा पहले ही दिल्ली निवासी मधु और यतेंद्र नामक व्यक्तियों को 10 लाख 62 हजार रुपये में बेच दिया है। जब समय सिंह ने सुजीत से इस बारे में बात की और अपने पैसे वापस मांगे, तो सुजीत ने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली।

समय सिंह ने इस संबंध में स्थानीय दनकौर कोतवाली पुलिस से कई बार गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अंततः उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को दनकौर पुलिस ने आरोपी सुजीत, उसकी पत्नी और दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और षड्यंत्र रचने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

दनकौर कोतवाली पुलिस ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला गंभीर है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या प्लॉट की बिक्री में और भी लोग शामिल हैं और रकम का इस्तेमाल कहां-कहां हुआ। धोखाधड़ी के इस मामले ने इलाके में हलचल मचा दी है और यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जमीन की खरीद-फरोख्त में विश्वासघात और जालसाजी को रोकने के लिए क्या पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।