दिल्ली पुलिस ने 71 अवैध विदेशी नागरिकों को पकड़ा, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जून 2025): दिल्ली के द्वारका में विदेशी नागरिकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 71 अवैध रूप से रह रहे लोगों को डिटेंशन सेंटर भेजा है। इनमें 47 बांग्लादेशी, 17 म्यांमार (रोहिंग्या) और 07 नाइजीरियन नागरिक शामिल हैं। यह कार्रवाई मई 2025 के दौरान द्वारका जिले की ऑपरेशन यूनिट्स और विभिन्न पुलिस स्टेशनों की संयुक्त मुहिम के तहत की गई। सभी को भारत में बिना वैध वीजा के रहने या वीजा की अवधि समाप्त हो जाने के बाद अवैध रूप से रुके रहने के आरोप में पकड़ा गया। दिल्ली पुलिस ने इन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत पहले FRRO के सामने पेश किया, फिर डिटेंशन सेंटर भेज दिया।

इस पूरी कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए डीसीपी द्वारका अंकित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी विदेशी नागरिक या तो बिना वीजा के भारत में दाखिल हुए थे या फिर वैध वीजा की समयसीमा खत्म होने के बावजूद देश में रह रहे थे। उन्होंने कहा कि ये नागरिक देश के संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ बन चुके थे और कुछ मामलों में इनके संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की आशंका भी जताई गई थी। ऐसे में इनकी तत्काल जांच और कानूनी प्रक्रिया के तहत डिपोर्टेशन जरूरी हो गया था।

पुलिस ने बताया कि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया अब आधिकारिक रूप से शुरू कर दी गई है। FRRO से आदेश मिलने के बाद सभी को डिटेंशन सेंटर में रखा गया है, जहां से उन्हें जल्द ही उनके-अपने देशों में वापस भेज दिया जाएगा। यह कार्रवाई न सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी है, बल्कि देश की आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से भी अहम मानी जा रही है। दिल्ली पुलिस की यह सक्रियता राष्ट्रीय राजधानी में विदेशी घुसपैठ के खिलाफ एक कड़ा संदेश मानी जा रही है।

इस मुद्दे पर दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। द्वारका पुलिस ने कहा है कि अगर किसी को अपने आसपास कोई विदेशी नागरिक संदिग्ध रूप से रह रहा नजर आए, या उसकी पहचान स्पष्ट न हो, तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि आम जनता की सतर्कता और सहयोग से ही इस तरह के अवैध ठहराव को रोका जा सकता है। पुलिस ने यह भी बताया कि दिल्ली समेत देशभर में अवैध विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने भी हाल ही में एक बड़ी कार्रवाई की थी। दो जून को मंडावली गांव से दो बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र भी बरामद किए गए थे। इस तरह की लगातार हो रही कार्रवाइयों से साफ है कि दिल्ली पुलिस अवैध घुसपैठ और अवैध प्रवास को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।