MSME और व्यापारियों को मिलेगी नई ऊर्जा, रेपो रेट में कटौती पर बोले सांसद प्रवीण खंडेलवाल
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली, (06 जून 2025): भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा रेपो रेट में 50 बेसिस प्वाइंट और कैश रिज़र्व रेश्यो (CRR) में 100 बेसिस प्वाइंट की कटौती को चांदनी चौक से सांसद और संसदीय वाणिज्य स्थायी समिति के सदस्य प्रवीण खंडेलवाल ने “साहसिक एवं स्वागत योग्य” कदम बताया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ऐसे समय में आया है जब देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती की सख्त जरूरत थी।
खंडेलवाल ने कहा कि यह कटौती न केवल आरबीआई की दूरदर्शिता को दर्शाती है, बल्कि यह संकेत भी देती है कि केंद्रीय बैंक आर्थिक गतिविधियों को तेज करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विशेष रूप से CRR में की गई कमी को MSME, व्यापारी वर्ग और खुदरा व्यवसायों के लिए राहतकारी बताया, क्योंकि इससे बैंकों की तरलता बढ़ेगी और कर्ज की पहुंच आसान होगी।
उन्होंने कहा, “अब जरूरी है कि वाणिज्यिक बैंक इस लाभ को पूरी तत्परता और पारदर्शिता से अंतिम उधारकर्ताओं तक पहुंचाएं। मैं वित्त मंत्रालय और आरबीआई से आग्रह करता हूं कि वे इसकी निगरानी सुनिश्चित करें ताकि राहत ज़मीन पर भी दिखे।”
खंडेलवाल ने उम्मीद जताई कि यह कदम उपभोग को बढ़ावा देगा, उद्यमशीलता को प्रोत्साहित करेगा और दिल्ली सहित पूरे देश में व्यापारिक गतिविधियों में तेजी लाएगा। उन्होंने कहा कि चांदनी चौक जैसे पारंपरिक व्यापारिक केंद्रों को इससे सीधे लाभ मिलेगा, जिससे देश की आर्थिक रफ्तार को नया बल मिलेगा।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।