हर स्कूल में मिलेगा मिनरल वाटर जैसा पानी, वॉटर ATM उद्घाटन के दौरान बोले मंत्री प्रवेश वर्मा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जून, 2025): दिल्ली के स्कूलों में बच्चों को अब गर्मी में भी मिलेगा शुद्ध और ठंडा पानी। शालीमार बाग के एक सरकारी स्कूल में वॉटर एटीएम के उद्घाटन के मौके पर दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि राजधानी में स्वच्छ जल उपलब्ध कराना मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।

उन्होंने बताया कि अब तक कई स्कूलों में CSR (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) की मदद से वॉटर एटीएम लगाए जा चुके हैं और आगे सभी स्कूलों में इसे लगाने की योजना है। वर्मा ने कहा, “शालीमार बाग में जो सबसे अमीर आदमी रहता होगा, उसके घर जैसा साफ पानी अब हर बच्चे को मिलेगा। यह ऐसा मॉडल है जो न तो गलेगा, न इसमें जंग लगेगा, यह सदियों तक चलेगा।”

उन्होंने बताया कि वॉटर एटीएम न केवल छात्रों के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले हर व्यक्ति चाहे वह रिक्शा चालक हो या वाहन चालक सभी के लिए शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराएंगे। जल्द ही एक मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा, जिसके जरिए लोग जान सकेंगे कि कहां-कहां वॉटर एटीएम लगे हुए हैं।

प्रवेश वर्मा ने मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री 24 घंटे सड़कों पर हैं और शिक्षा से लेकर PWD तक हर विभाग की स्वयं निगरानी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड गर्मियों में लोगों को ठंडा और साफ पानी देने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रहा है।

यह योजना न केवल गर्मी से राहत देगी, बल्कि स्वास्थ्य और हाइड्रेशन के स्तर को भी बेहतर बनाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।