यमुना एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा टला: चालक की सतर्कता से बची 48 यात्रियों की जान

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (6 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्राइवेट बस के टायर से अचानक धुआं निकलने लगा। दिल्ली से बिहार के सिवान जा रही इस बस में कुल 48 यात्री सवार थे, जो ईद के त्योहार के मद्देनज़र अपने घर लौट रहे थे।

घटना उस समय हुई जब बस यमुना एक्सप्रेसवे पर तेज़ी से दौड़ रही थी। टायर से उठता धुआं जब बस के अंदर तक भरने लगा तो यात्रियों में घबराहट फैल गई। लेकिन बस चालक ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत समझते हुए वाहन को सड़क के किनारे रोक दिया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।

यात्रियों ने घटना के बाद नाराज़गी जताते हुए कहा कि उन्होंने एक व्यक्ति के पीछे करीब दो हजार रुपये का किराया चुकाया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें एक खराब और पुरानी बस में यात्रा करने को मजबूर किया गया। यात्रियों का आरोप था कि निजी बस संचालक भारी किराया वसूलने के बावजूद न तो वाहनों की नियमित जांच कराते हैं और न ही सुरक्षा मानकों का पालन करते हैं।

बस की स्थिति देखकर कई यात्रियों ने सड़क पर ही विरोध दर्ज कराया और प्रशासन से मांग की कि ऐसी लापरवाह परिवहन सेवाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पर्व-त्योहारों के समय निजी बस संचालक मनमाने दाम वसूलकर यात्रियों की मजबूरी का फायदा उठाते हैं।

घटना के बाद कुछ समय तक सभी यात्री सड़क किनारे रुके रहे। इसके पश्चात बस ऑपरेटर की ओर से एक दूसरी बस की व्यवस्था की गई, जिसमें सभी यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस मामले को लेकर स्थानीय पुलिस ने भी जानकारी दी कि बस में कोई तकनीकी खराबी थी, लेकिन समय पर रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। गनीमत रही कि कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।

 

प्रशासन से अपील

घटना के बाद यात्रियों और स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग से मांग की है कि निजी बस सेवाओं की नियमित रूप से जांच हो और त्योहारों के समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।