दिल्ली में 24 घंटे में कोविड के 64 नए मामले, 22 वर्षीय युवती की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (05 जून 2025): देश में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की आहट सुनाई देने लगी है। हालांकि इस बार वायरस का नया वेरिएंट पहले की लहरों जितना घातक नहीं माना जा रहा, लेकिन यह पहले से बीमार और कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में बीते 24 घंटों में कोविड के 64 नए मामले सामने आए हैं और इसी दौरान 22 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई है। जनवरी 2025 से अब तक केवल दिल्ली में ही कोरोना से 5 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि पूरे देश में यह आंकड़ा 44 तक पहुंच गया है।

दिल्ली में हाल की दो मौतों में एक समानता देखने को मिली है। दोनों पीड़ित महिलाएं मात्र 22 वर्ष की थीं और पहले से टीबी की मरीज थीं। यह तथ्य इस बात को उजागर करता है कि भले ही कोरोना का नया वेरिएंट सामान्य लोगों के लिए गंभीर न हो, लेकिन जो लोग पहले से बीमार हैं या जिनका इम्यून सिस्टम कमजोर है, उनके लिए यह संक्रमण बेहद खतरनाक बन सकता है। ऐसे लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की ज़रूरत है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह वेरिएंट सामान्य फ्लू की तरह प्रतीत हो सकता है, लेकिन यह भ्रम घातक साबित हो सकता है।

इस गंभीर स्थिति के बीच दिल्ली हाईकोर्ट ने भी सक्रिय रुख अपनाया है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से कोरोना सैंपलिंग की प्रक्रिया को लेकर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) की स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया है। जस्टिस अनीश दयाल की बेंच ने केंद्र से 18 जुलाई तक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि वर्तमान संक्रमण के फैलाव को सही तरह से ट्रैक और कंट्रोल किया जा सके।

इस बीच, मेडिकल विशेषज्ञों ने भी आम जनता को सावधानी बरतने की सलाह दी है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पवन कुमार के अनुसार, बिना लक्षण वाले लोगों को खुद से कोविड टेस्ट कराने की आवश्यकता नहीं है। हल्का बुखार, सर्दी, खांसी या जुकाम होने पर भी पहले डॉक्टर से परामर्श लें और केवल डॉक्टर की सलाह पर ही जांच कराएं। उन्होंने कहा कि इस बार की लहर में न तो आईसीयू में भर्ती की जरूरत महसूस हो रही है, न ही मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट की आवश्यकता पड़ रही है। लेकिन फिर भी लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए, क्योंकि यह वायरस कमजोर स्वास्थ्य वालों के लिए अब भी घातक है।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अपील की जा रही है कि लोग भीड़भाड़ से बचें, मास्क का इस्तेमाल करें और बीमार महसूस होने पर सार्वजनिक स्थानों पर न जाएं। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है, फिर भी यह समय सावधानी बरतने का है, न कि ढिलाई दिखाने का। कोरोना का नया वेरिएंट भले ही कम प्रभावी दिखे, पर इसके खतरे अब भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।