नोएडा में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 50 लाख की साइबर ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (05 जून 2025): थाना साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़िता को “डिजिटल अरेस्ट” का भय दिखाकर उसके साथ यह साइबर अपराध किया‌ था।
एडीसीपी साइबर मनीषा सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता, जो कि नोएडा के सेक्टर-62 की निवासी हैं, ने 26 मई 2025 को थाना साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कराई थी। अज्ञात कॉलर ने खुद को टेलीकॉम विभाग का अधिकारी बताकर पीड़िता को मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किए जाने की धमकी दी और फर्जी दस्तावेज भेजकर मानसिक दबाव बनाया। भयभीत पीड़िता से आरोपियों ने विभिन्न बैंक खातों में 50 लाख ट्रांसफर करवा लिए।
मामले की गम्भीरता को देखते हुए साइबर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मैनुअल इंटेलिजेंस के माध्यम से कार्रवाई करते हुए मो0 जुनैद खान (24 वर्ष) पुत्र स्व. असगर खान निवासी आलमबाग, लखनऊ को 03 जून को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ₹2,57,179 की राशि फ्रीज़ कराई, जिसकी रिफंड प्रक्रिया न्यायालय के आदेश पर चल रही है।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी ने अपने साथियों की मदद से बंधन बैंक में फर्जी खाता खुलवाया, जिसमें पीड़िता द्वारा ट्रांसफर की गई राशि में से ₹8 लाख जमा किए गए थे। इस राशि को आरोपी ने अपने साथियों की मदद से बैंक से निकाल लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयासरत है।
NCRP पोर्टल पर आरोपी द्वारा खोले गए बैंक खाते की जांच करने पर उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और राजस्थान से कुल 4 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें दर्ज पाई गई हैं।
साइबर सुरक्षा हेतु सुझाव
पुलिस विभाग ने आम नागरिकों के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव जारी किए हैं:
1.किसी भी अनजान वीडियो कॉल या व्हाट्सएप कॉल पर यकीन न करें, भले ही कॉल करने वाला खुद को अधिकारी बताए।
2.कॉल में बताए गए पदाधिकारी की पहचान सरकारी वेबसाइट या हेल्पलाइन से सत्यापित करें।
3.पार्सल, मनी लॉन्ड्रिंग या पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट के नाम पर डराने वाले कॉल्स से सावधान रहें।
4.किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तत्काल अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर सेल से संपर्क करें।
5.यदि आपके नाम से फर्जी बैंक खाता खुला हो तो तुरंत उसे बंद कराने की प्रक्रिया शुरू करें।।

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।