सरकारी भर्तियों में युवाओं की आयुसीमा में 3 साल की छूट, योगी सरकार का बड़ा फैसला!
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (4 जून 2025): उत्तर प्रदेश सरकार ने युवाओं के हित में एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय लिया है। राज्य सरकार ने पुलिस उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती में तीन वर्ष की अतिरिक्त आयु सीमा में छूट देने का निर्णय लिया है। यह निर्णय उन हजारों युवाओं के लिए राहत लेकर आया है जो कोविड-19 महामारी के दौरान आयु सीमा पार कर चुके थे और भर्ती प्रक्रियाओं के बाधित होने के चलते अवसरों से वंचित रह गए थे।
इस निर्णय की पहल जेवर क्षेत्र के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने की थी, जिन्होंने हाल ही में लखनऊ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत मुलाकात कर इस विषय को मजबूती से उठाया था। विधायक धीरेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कोविडकाल के दौरान भर्तियों में व्यवधान के कारण कई युवाओं की उम्र सीमा समाप्त हो गई, जिससे वे योग्य होने के बावजूद सरकारी सेवा से बाहर हो गए। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार को इस विषय में विशेष कदम उठाना चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मांग को संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया और युवाओं की व्यथा को समझते हुए, सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को आगामी पुलिस भर्ती प्रक्रियाओं में तीन वर्ष की आयु सीमा में समान रूप से छूट देने के निर्णय को मंजूरी दी। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है, जो आगामी भर्तियों में प्रभावी रहेगा।
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश की युवा शक्ति के विश्वास की जीत है। मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का आभार प्रकट करता हूं, जिन्होंने समय रहते युवाओं की पीड़ा को समझा और उनके भविष्य को सुरक्षित किया। यह निर्णय न केवल युवा-हितैषी सोच को दर्शाता है, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास में युवाओं की भागीदारी को और सशक्त करेगा।”
इस फैसले से विशेषकर वे युवा लाभान्वित होंगे जो 2020-2022 के बीच आयुसीमा पार कर गए थे, जबकि वे तैयारी में लगे हुए थे। सरकार के इस कदम को व्यापक स्तर पर सराहना मिल रही है और इसे “युवाओं के सुनहरे भविष्य की नींव” बताया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से आने वाले समय में राज्य के युवाओं के लिए नई उम्मीदों और अवसरों के द्वार खोलेगा, और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर देगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।