दोस्ती हुई शर्मशार, छात्रा की बेरहमी से हत्या | मामला जानकर चौंक जाएंगे आप!
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (03 जून 2025): देश की राजधानी दिल्ली में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) की 18 वर्षीय छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह जघन्य वारदात दक्षिण दिल्ली के महरौली स्थित संजय वन इलाके में हुई, जहां आरोपी ने पहले छात्रा पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, फिर गला दबाकर उसकी जान ली और सबूत मिटाने के लिए शव को जलाने की कोशिश की। पुलिस ने हत्या के आरोपी अर्शकृत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जो खुद भी SOL का बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अर्शकृत सिंह और मृतका आपस में परिचित थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों से वह उसे लगातार परेशान कर रहा था। रविवार को आरोपी ने पीड़िता को संजय वन बुलाया और सुनसान जगह पर ले जाकर जानलेवा हमला किया। चाकू से गोदने के बाद उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और पेट्रोल डालकर शव को जलाने की कोशिश की ताकि पहचान न हो सके। हत्या के बाद आरोपी खुद को हुए मामूली जख्मों के बहाने अस्पताल पहुंचा और खुद को पीड़ित दिखाने की कोशिश करने लगा।
शाम होते-होते पीड़िता के परिवार को आरोपी के पिता का फोन आया, जिसमें बताया गया कि अर्शकृत पर हमला हुआ है और वह अस्पताल में है। यह सुनते ही परिजन चिंतित हो गए, लेकिन जब उन्होंने बेटी को फोन किया और उसका कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्हें शक हुआ। इसके बाद वे सीधे महरौली स्थित संजय वन पहुंचे, जहां उनकी बेटी का कुछ पता नहीं चला। संदेह के आधार पर उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और अर्शकृत पर शक जाहिर किया।
पुलिस की पूछताछ में अर्शकृत टूट गया और उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से अधजला शव बरामद कर लिया, जो पीड़िता का था। मौके से हत्या में प्रयुक्त चाकू और पेट्रोल की बोतल भी बरामद कर ली गई। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स और क्राइम टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
मृतका की बहन ने बताया कि आरोपी पिछले कई महीनों से उसकी बहन का पीछा कर रहा था और उसकी सोशल मीडिया गतिविधियों और लोकेशन पर नजर रखता था। परिवार ने पहले भी आरोपी को समझाया और चेतावनी दी थी, लेकिन उसने परेशान करना बंद नहीं किया। यह घटना न सिर्फ एक दुखद व्यक्तिगत त्रासदी है, बल्कि यह सवाल भी उठाती है कि समाज और प्रशासन कब तक महिलाओं की सुरक्षा के सवाल पर आंखें मूंदे रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।