गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा रकाबगंज पहुंचे नितिन नवीन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 November 2026): श्री गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती यानी प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि के लिए अरदास की। उनके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार में मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा भी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के साथ कीर्तन श्रवण किया और गुरु नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को सिख परंपरा के अनुसार सम्मान स्वरूप सरोपा भेंट किया गया। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश देती हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही देश में आपसी प्रेम और सद्भाव को मजबूत किया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल, विधायक तरविंदर सिंह मारवाह, निगम पार्षद योगिता सिंह, पंजाबी एकेडमी के उपाध्यक्ष इमप्रीत सिंह बख्शी और भाजपा प्रवक्ता यासिर जिलानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और संगत मौजूद रही।

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा रकाबगंज पहुंचे नितिन नवीन

गुरुद्वारा साहिब में अरदास के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरु नानक देव जी के विचारों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी दुनिया को ‘एक ओंकार, एक ज्योति’ का संदेश दिया। गुरु नानक देव जी ने जात-पात, ऊंच-नीच और सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने की प्रेरणा देते हुए ‘नाम जपो, कीरत करो और वंड छको’ का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी मानवता, समानता, सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गुरु नानक देव जी के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए अंत्योदय और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती पर दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु जी ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे, समानता और सेवा का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा गुरु नानक देव जी के आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहायता पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रकाश पर्व पर समस्त संगत को बधाई देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का ‘सरबत दा भला’ का संदेश सरकार के संकल्प का आधार है। उन्होंने सिख धर्म की परंपराओं, गुरुद्वारों की मर्यादा और सिख विरासत के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता भी जताई।

नितिन नवीन ने इस पावन अवसर पर कामना की कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश सभी के जीवन को करुणा, परिश्रम और परोपकार से आलोकित करे। उन्होंने कहा कि गुरु जी की शिक्षाएं केवल किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा नेताओं ने सामाजिक समरसता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। साथ ही गुरु नानक देव जी के विचारों को जीवन में अपनाने और उनके आदर्शों के अनुरूप समाज निर्माण का आह्वान किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।