उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 November 2026): दिल्ली दंगों के मामले में करीब छह साल से जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत याचिकाओं पर एक बार फिर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने जा रही है। इस बार भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ दोनों आरोपियों की दलीलें सुनेगी। बुधवार, 25 नवंबर 2026 को उनकी जमानत याचिकाएं सीजेआई की बेंच के सामने सूचीबद्ध की गई हैं। इससे पहले जस्टिस अरविंद कुमार की अगुवाई वाली पीठ ने दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अब सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

यह मामला फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों से जुड़ी कथित बड़ी साजिश का है। दिल्ली पुलिस ने उमर खालिद और शरजील इमाम सहित कई लोगों के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम (UAPA) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों का कहना है कि उन्हें लंबे समय से जेल में रखा गया है, जबकि मुकदमे की सुनवाई में काफी देरी हो रही है। उनकी जमानत याचिकाओं में यह भी दलील दी गई है कि अभियोजन पक्ष गवाहों से जिरह करने में विफल रहा है। ऐसे में लगातार हिरासत में रखना उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है।

उमर खालिद और शरजील इमाम ने अपनी याचिकाओं में मुकदमे की धीमी रफ्तार को जमानत का प्रमुख आधार बनाया है। शरजील इमाम की ओर से बताया गया है कि 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था और मामले में 18 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों का उल्लेख किया है। इमाम का दावा है कि विचाराधीन कैदी के रूप में लंबा समय जेल में बिताने के बावजूद अभियोजन पक्ष अब तक एक भी गवाह से जिरह नहीं कर पाया है। वहीं, उमर खालिद ने संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए कहा है कि मुकदमे में देरी और लंबे समय तक जेल में रहना उनके जीवन एवं व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।

इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने 30 सितंबर को दोनों आरोपियों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हाई कोर्ट ने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के आदेश में बदलाव नहीं कर सकता। उस आदेश के मुताबिक, संरक्षित गवाहों की गवाही पूरी होने या आदेश पारित होने की तारीख से एक साल की अवधि समाप्त होने के बाद, इनमें से जो भी स्थिति पहले आए, आरोपी जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं। इससे पहले निचली अदालत ने 4 जुलाई को उनकी जमानत याचिकाएं तीसरी बार खारिज कर दी थीं। अदालत ने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करना उसके लिए अनिवार्य है और वह इस स्तर पर राहत देने की स्थिति में नहीं है।

गौरतलब है कि फरवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। इन दंगों में 53 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस ने इस हिंसा के पीछे कथित बड़ी साजिश का आरोप लगाते हुए उमर खालिद, शरजील इमाम, खालिद सैफी और आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन सहित कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। शरजील इमाम को 25 अगस्त 2020 और उमर खालिद को 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था। अब 25 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई से यह स्पष्ट होगा कि दोनों आरोपियों को जमानत के मामले में कोई राहत मिलती है या नहीं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।