ब्रह्मपुरी में मस्जिद विस्तार को लेकर विवाद, MCD ने निर्माण स्थल को किया सील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (03 जून 2025): पूर्वी दिल्ली के ब्रह्मपुरी इलाके में मस्जिद विस्तार को लेकर चल रहे विवाद के बीच नगर निगम ने सोमवार को सख्त कदम उठाते हुए निर्माण स्थल को सील कर दिया है। शाहदरा उत्तरी जोन की एमसीडी टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। निगम ने कहा है कि यह निर्माण कार्य अनुमोदित नक्शे के विपरीत किया जा रहा था, और इसके खिलाफ पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका था। अब ढांचे को पूरी तरह ध्वस्त करने की योजना भी बनाई जा रही है, जिसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।

विवाद की जड़ गली नंबर-12 में मौजूद दो प्लॉट्स पर है, जिन्हें जोड़कर पास की गली नंबर-13 की मस्जिद के विस्तार का प्रयास किया जा रहा था। यह निर्माण ‘अल मतीन वेल्फेयर सोसायटी’ द्वारा कराया जा रहा था। स्थानीय हिंदू परिवारों ने मार्च में इस पर आपत्ति जताई थी और विरोधस्वरूप अपने घरों के बाहर “मकान बिकाऊ है” के पोस्टर लगाए थे। उनका आरोप था कि यह विस्तार उन्हें पलायन के लिए मजबूर करने की रणनीति का हिस्सा है।

स्थानीय लोगों ने चिंता जताई कि जिस स्थान पर मस्जिद का विस्तार किया जा रहा है, वह पास के शिव मंदिर से महज 100 मीटर की दूरी पर है। उनका कहना था कि धार्मिक जुलूसों और त्योहारों के समय इससे सांप्रदायिक तनाव की आशंका बनी रहेगी। इसके अलावा लोगों ने निर्माण स्थल का गेट मंदिर की दिशा में खुलने पर भी आपत्ति जताई थी, जिसे लेकर विवाद और गहरा गया।

निगम ने स्पष्ट किया कि मस्जिद विस्तार के लिए जिस नक्शे की मंजूरी ली गई थी, वह असल उपयोग को छुपाकर ‘आवासीय निर्माण’ के तौर पर प्रस्तुत किया गया था। फरवरी के मध्य में जब इस हकीकत का पता चला, तो निगम ने निर्माण कार्य रुकवाने के साथ-साथ नक्शा भी निरस्त कर दिया था। साथ ही, निर्माण को हटाने का निर्देश भी जारी किया गया था, जिस पर आंशिक रूप से ही अमल हुआ।

अब निगम ने पूरा निर्माण स्थल सील कर दिया है। हालांकि निर्माण कार्य करवाने वाली संस्था ने कुछ पिलरों के सरिए हटाए थे, लेकिन ढांचा पूरी तरह से नहीं तोड़ा गया था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर निगम ने कार्रवाई को और तेज करने का संकेत दिया है। यह प्रकरण राजधानी में धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर बढ़ती सतर्कता और स्थानीय संतुलन बनाए रखने की चुनौतियों को रेखांकित करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।