दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, तेज हवाओं और बारिश ने दी गर्मी से राहत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (1 जून 2025): दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और उमस के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली। दोपहर बाद तेज हवाएं चलने लगीं और इसके तुरंत बाद कई इलाकों में जोरदार बारिश शुरू हो गई। राजधानी के पालम, झरोड़ा कलां, सफदरजंग और प्रगति मैदान सहित कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 65 से 76 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ सुकून मिला।

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में यह बदलाव पहले से संभावित था। विभाग ने पहले ही 1 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई थी। वहीं, 2 से 4 जून तक गरज के साथ बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं और 5 जून को भी बादल छाए रहेंगे। इस सप्ताह मौसम का मिजाज ठंडा और सुहावना बना रह सकता है, जिससे गर्मी की तीव्रता में और कमी आने की उम्मीद है।

हालांकि, राहत के इस दौर में खतरे भी नज़रअंदाज़ नहीं किए जा सकते। मौसम विभाग और प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए नागरिकों को खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे और असुरक्षित निर्माण स्थलों से दूर रहने को कहा गया है। विभाग ने भले ही कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की हो, लेकिन अचानक बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतना बेहद जरूरी बताया गया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।