रबूपुरा में युवक को गाड़ी से रौंदने की कोशिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (01 जून 2025): ग्रेटर नोएडा के थाना रबूपुरा क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवक को जानबूझकर गाड़ी से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 29 मई 2025 को हुई थी, जिसमें पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

थाना रबूपुरा में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, ग्राम आकलपुर निवासी वादी ने आरोप लगाया कि अभियुक्त विकास भाटी, राहुल उर्फ कालू और दो अज्ञात व्यक्तियों ने जानबूझकर सफेद स्कॉर्पियो से उसके भाई की बाइक में टक्कर मारी। पहले मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में विवेचना के दौरान संशोधित कर धारा 109, 324(2), व 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

पुलिस जांच के दौरान अन्य दो आरोपियों मनीष कुमार और वाजिद अली के नाम भी सामने आए। त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना रबूपुरा पुलिस ने 30 मई को तीन मुख्य आरोपियों को तिरथली चौराहे के पास से गिरफ्तार किया।

अपराध इतिहास:
गिरफ्तार आरोपी राहुल उर्फ कालू के खिलाफ वर्ष 2021 में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है, जिसमें अपहरण और लापरवाही से मौत की धारा 304ए भी शामिल है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास भाटी पुत्र जयप्रकाश सिंह (उम्र 25), निवासी ग्राम आकलपुर, राहुल उर्फ कालू पुत्र जयवीर सिंह (उम्र 20), निवासी ग्राम आकलपुर और वाजिद अली पुत्र मोहम्मद अली (उम्र 28), निवासी ग्राम नंगला हाण्डा, थाना जेवर के रूप में हुई है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।