सरकार की रंगीन रिपोर्ट पर विपक्ष का वार: सौरभ भारद्वाज बोले, जनता जश्न नहीं जवाब चाहती है
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (30 मई 2025): दिल्ली की सियासत में आज आम आदमी पार्टी ने रेखा गुप्ता सरकार के 100 दिन के कार्यकाल पर जोरदार हमला बोला। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली आप संयोजक सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने अपने कामकाज का खुद ही रंगीन रिपोर्ट कार्ड बना लिया है, और मजेदार बात ये है कि “इस बार ये रंगीन रिपोर्ट विपक्ष ने छपवाई है”। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “बचपन में कुछ शरारती बच्चे खुद का रिपोर्ट कार्ड बना लेते थे, ये सरकार भी वैसी ही है।”
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जिस दौर में जनता महंगाई से त्रस्त है, सरकार जश्न मना रही है। उन्होंने कई ज्वलंत सवाल उठाते हुए पूछा कि महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने का वादा अब तक क्यों नहीं पूरा हुआ? बसों में तैनात मार्शलों को हटाने के बाद वे बेरोजगार हो गए, उनकी नौकरी कब बहाल होगी? उन्होंने यह भी पूछा कि डीपीएस द्वारका स्कूल में बच्चों के साथ हुए हैरेसमेंट के मामले में अब तक एफआईआर क्यों नहीं हुई।
सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि सड़क हादसों के घायलों को मुफ्त इलाज दिलाने वाली ‘फरिश्ते योजना’ को चुपचाप बंद कर दिया गया है। मोहल्ला क्लीनिकों से स्टाफ को हटाया जा रहा है और होली के समय किए गए मुफ्त सिलेंडर देने के वादे को न केवल पूरा नहीं किया गया, बल्कि अब सिलेंडर की कीमतें और बढ़ा दी गई हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार की नीयत पर सवाल उठाते हुए भारद्वाज ने कहा कि निजी स्कूलों की फीस पर नियंत्रण को लेकर सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ निजी स्कूल मालिकों से सलाह-मशविरा कर रही है, जबकि अभिभावकों की राय पूरी तरह से अनसुनी की जा रही है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रस्तावित अध्यादेश पूरी तरह से निजी स्कूल प्रबंधन के पक्ष में होगा, जिससे अभिभावकों की समस्याएं और बढ़ेंगी।
अंत में सौरभ भारद्वाज ने कहा, “जब मन में चोर होता है, तो चोरी-छुपे काम होते हैं। ये सरकार जनता से भाग रही है, लेकिन विपक्ष उसका रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखेगा रंगीन भी और सच्चा भी।”
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।