हर राज्य से जुड़ेगा Viksit Bharat, पीएम मोदी के रोडमैप पर क्या बोले BJP प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल | Ten Talks
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली, (26 मई 2025): विकसित भारत केवल एक सपना नहीं, बल्कि एक ठोस राष्ट्रीय संकल्प है, ऐसा मानना है भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल का। टेन न्यूज़ से खास बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लक्ष्य महज आर्थिक समृद्धि नहीं, बल्कि भारत को हर क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व दिलाने की सोच है।
प्रवक्ता अग्रवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना पर ठोस काम चल रहा है। इसका रोडमैप तैयार किया जा चुका है और इसे हर राज्य और हर क्षेत्र से जोड़ने की प्रक्रिया तेज़ है।
“प्रधानमंत्री ने हाल ही में सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक विशेष बैठक की, जिसमें ‘वन नेशन, वन टीम’ की अवधारणा को केंद्र में रखा गया,” अग्रवाल ने बताया। “विकसित भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब हर राज्य, हर विभाग और हर नागरिक इस दिशा में समर्पित भाव से कदम बढ़ाए।”
उन्होंने कहा कि 2024-25 के केंद्रीय बजट में भी ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को प्राथमिकता दी गई है, जिसमें शिक्षा, गरीबी उन्मूलन, वैश्विक साझेदारी, सैन्य सशक्तिकरण और समावेशी विकास जैसे बिंदु प्रमुख हैं।
संस्कृति और तकनीक दोनों को मिल रहा है स्थान
गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि विकसित भारत सिर्फ आर्थिक वृद्धि या तकनीकी विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें भारत की सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए आगे बढ़ने की सोच भी शामिल है। काशी, अयोध्या, और कुंभ जैसे उदाहरणों से उन्होंने बताया कि कैसे सांस्कृतिक पर्यटन भी अब राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनता जा रहा है।
11 वर्षों में लंबी छलांग
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था और अब वह 4वें स्थान तक पहुंच चुका है। “2030 तक भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है,” उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।