Delhi MCD: ‘आप’ ने 11 जोनों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और स्टैंडिंग कमेटी सदस्यों के लिए ठोका दम
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (28 मई 2025): आम आदमी पार्टी ने आगामी 2 जून को होने वाले दिल्ली नगर निगम की वार्ड कमेटियों के चुनाव को लेकर अपनी तैयारी पूरी कर ली है। मंगलवार को ‘आप’ ने नगर निगम के 11 जोनों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही सिटी-एसपी जोन और साउथ जोन में स्टैंडिंग कमेटी सदस्य पदों के लिए भी पार्टी ने अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी इन चुनावों को पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और सभी पदों पर जीत हासिल करेगी।
अंकुश नारंग ने बताया कि पार्टी ने नरेला, सिविल लाइन, रोहिणी, सिटी-एसपी, करोलबाग, वेस्ट, साउथ, शाहदरा साउथ, शाहदरा नॉर्थ, नजफगढ़ और सेंट्रल जोन में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों के लिए नामांकन किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्याशी पूरी ताकत के साथ अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट चुके हैं। नामांकन के दौरान चांदनी चौक से विधायक पुनरदीप सिंह साहनी और मटिया महल से विधायक आले मुहम्मद इकबाल भी उपस्थित रहे।
प्रत्याशियों की जानकारी देते हुए नारंग ने बताया कि नरेला जोन के वार्ड 1 से श्वेता खत्री ने अध्यक्ष और वार्ड 3 से नेहा ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है। सिविल लाइन जोन में वार्ड 10 से गगन चौधरी ने अध्यक्ष और वार्ड 18 से टिम्सी शर्मा ने उपाध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल किया। रोहिणी जोन में वार्ड 25 से अमृत जैन ने अध्यक्ष और वार्ड 40 से ममता गुप्ता ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।
सिटी-एसपी जोन से वार्ड 73 के पार्षद विकास टांक अध्यक्ष और वार्ड 71 से पार्षद पूजा उपाध्यक्ष पद की उम्मीदवार हैं। करोलबाग जोन से वार्ड 91 के पुनीत राय अध्यक्ष और वार्ड 85 से कविता चौहान उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार हैं। पश्चिम जोन से वार्ड 112 की निर्मला कुमारी अध्यक्ष और वार्ड 93 से साहिल गंगवाल उपाध्यक्ष पद के लिए मैदान में हैं। दक्षिण जोन से वार्ड 154 के राजीव संसनवाल अध्यक्ष और वार्ड 166 से अरुण नरवरिया उपाध्यक्ष के पद के लिए खड़े हुए हैं।
शाहदरा दक्षिण जोन से वार्ड 195 के पार्षद धीरेंद्र कुमार उर्फ बंटी गौतम अध्यक्ष और वार्ड 191 से बीना उपाध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार हैं। शाहदरा उत्तरी जोन से वार्ड 235 की प्रियंका सक्सेना अध्यक्ष और वार्ड 223 की शिवानी पंचाल उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ेंगी। नजफगढ़ जोन से वार्ड 117 की तिलोतमा चौधरी अध्यक्ष और वार्ड 134 की पूनम भारद्वाज उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर चुकी हैं। वहीं सेंट्रल जोन से वार्ड 142 की पार्षद सारिका चौधरी ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया है।
इसके अतिरिक्त पार्टी ने सिटी-एसपी जोन और साउथ जोन से स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य पदों के लिए भी उम्मीदवार उतारे हैं। सिटी-एसपी जोन से वार्ड 78 की पार्षद राफिया माहिर और साउथ जोन से वार्ड 159 की पार्षद पिंकी त्यागी ने अपने-अपने नामांकन दाखिल किए हैं। अंकुश नारंग ने बताया कि मंगलवार नामांकन का अंतिम दिन था और पार्टी ने समय रहते सभी जरूरी नामांकन प्रक्रिया पूरी कर ली है। 2 जून को मतदान होगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
आम आदमी पार्टी का दावा है कि उनकी टीम पूरी तैयारी और जोश के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है और पार्टी को सभी पदों पर जीत की पूरी उम्मीद है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।