सदर तहसील में लेखपाल और उसके साथियों ने किसान को पीटा, निलंबन की मांग तेज | वीडियो वायरल!

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (27 मई 2025): ग्रेटर नोएडा के सदर तहसील क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक लेखपाल और उसके सहयोगियों द्वारा एक किसान के साथ मारपीट की गई। यह मामला मंगलवार दोपहर का है, जब दादरी क्षेत्र के एक किसान किसी कार्य से तहसील कार्यालय पहुंचे थे।

सूत्रों के अनुसार, किसान का किसी दस्तावेज़ संबंधी कार्य को लेकर लेखपाल से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद बात इतनी बढ़ गई कि लेखपाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर किसान की बेरहमी से पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि लेखपाल न केवल किसान के साथ मारपीट कर रहा है, बल्कि वीडियो बना रहे युवक का मोबाइल फोन छीनने के लिए उसके पीछे भी दौड़ता है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है।

किसान संगठन ने जताया रोष, कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विकास प्रधान ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे प्रशासनिक तंत्र की विफलता करार देते हुए कहा कि सरकारी पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा किसान के साथ ऐसा व्यवहार निंदनीय है।

डॉ. प्रधान ने बताया कि बुधवार को संगठन जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगा और दोषी लेखपाल के तत्काल निलंबन की मांग करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन की ओर से समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन अनिश्चितकालीन आंदोलन की राह अपनाने को मजबूर होगा। घटना के वीडियो वायरल होने के बाद अब प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और किसान संगठनों की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की जा रही है। वहीं, प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


 

टिप्पणियाँ बंद हैं।