सीएम रेखा गुप्ता के दावों की खुली पोल, मानसून से पहले की बारिश में डूबी दिल्ली: देवेंद्र यादव
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (26 मई, 2025): दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि हर बारिश के बाद जल भराव की समस्या राजधानी दिल्ली के लिए गंभीर संकट है। मानसून से पहले की बारिश से जलमग्न हुई दिल्ली ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सरकार के सभी दावों की पोल खोल कर रख दी है। जलभराव से निपटने की आधी अधूरी तैयारी का सच सड़कों पर दिख रहा है। भाजपा सरकार की निष्क्रियता और खोखले दावों की वजह से दिल्ली में जल भराव के कारण आपातकाल की स्थिति बन रही है। नालों और नालियों से गाद निकालने की 31 मई तक की डेडलाइन पर भाजपा की चार इंजनों वाली सरकार पूरी तरह विफल साबित हो गई है।
अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि एयरपोर्ट रोड़, मिंटो ब्रिज, धौला कुंआ, आईटीओ, कनॉट प्लेस, रोहतक रोड़, दिल्ली कैंट, तिमारपुर, चाणक्यपुरी, सुब्रतो पार्क, सफदरजंग, नानक पुरा, बाहरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, उत्तर पूर्वी व उत्तर पश्चिमी दिल्ली में जलभराव की त्रासदी देखी गई। रात की बारिश के बाद सुबह तक सड़कों पर पानी की निकासी नही हो पाई जिसके कारण दिल्ली भर में घंटो भारी ट्रेफिक जाम रहा और वाहन पानी में डूबे रहे। गाद निकालने के काम में नाकाम सरकार स्वयं जिम्मेदारी लेने की बजाय असिसटेंट इंजीनियर, जूनियर इंजीनियर और पंप ऑपरेटर को निलंबित करके दिल्ली की जनता को क्या संदेश देना चाहती है?
आगे देवेन्द्र यादव ने कहा कि मानसून पूर्व बारिश से दिल्ली को गर्मी से तो जरूर राहत मिली लेकिन लापरवाह सरकारों के कारण अनेकों परेशानियां झेल रहे दिल्ली वालों को जल भराव से राहत नही मिली। उन्होंने कहा कि दिल्ली की परेशानियों को खत्म करने की बजाय भाजपा और आम आदमी पार्टी की नूरा कुश्ती हर संकट पर देखने को मिलती है, आज विपक्ष में आम आदमी पार्टी है जिसने एक दशक सत्ता में रहने के बावजूद जल भराव की परेशानी को कभी खत्म करने का प्रयास तक नही किया और उस दौरान भाजपा ने विपक्ष में रहते हुए वही किया जो आज आम आदमी पार्टी लोगों को गुमराह करने के लिए कर रही है।
साथ ही देवेन्द्र यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी हो या भाजपा की सरकार दोनों ने अपने राजनीतिक हित साधने के लिए दिल्ली को राम भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि मार्च में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा था कि 2025 में आप कुछ बदला हुआ देखेंगे लेकिन पीडब्ल्यूडी और दिल्ली पुलिस द्वारा सांझा आंकड़ां में 2025 में 445 जलभराव वाली जगहों की पहचान हुई। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सब कुछ ठीक करने पर काम चल रहा है और इसको 31 मई तक पूरा कर लिया जाएगा।
अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि अगर मानसून के दौरान आम आदमी पार्टी के शासन का जल भराव की त्रासदी का इतिहास दोहरा रहा है और भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार की नाकामी जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो गई है कि भाजपा की डुलमुल कार्यशैली दिल्ली को जलभराव से होने वाली त्रासदी से बचा नही सकती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान दिल्ली को कभी भी जल भराव जैसी समस्या से जूझना नही पड़ा था, क्योंकि शीला दीक्षित सरकार हर वर्ष मई महीने के मध्य तक गाद निकालने का काम पूरा करके दिल्ली को जल जमाव के संकट से पूरी तरह राहत देती थी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।