राजस्थान से दबोचा गया 25,000 रुपये का इनामी गैंगलीडर मोहम्मद चाँद

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (26 मई 2025): ग्रेटर नोएडा की थाना बीटा-2 पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25,000 रुपये के इनामी और गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित आरोपी मोहम्मद चाँद को राजस्थान के कोटा शहर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, जिससे पुलिस को उसे पकड़ने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी। लेकिन स्थानीय खुफिया तंत्र और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे धर दबोचा।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मोहम्मद चाँद एक सक्रिय अपराधी गिरोह का सरगना है। वर्ष 2021 में उसने ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में बर्तन का पाउडर बेचने के बहाने एक महिला से उसके कान के कुंडल और गले का पेंडल लूट लिया था। इसके अलावा, उसी वर्ष एक अन्य मामले में दवा बेचने और इलाज कराने के बहाने 5 लाख रुपये की ठगी को अंजाम दिया था। इन वारदातों के बाद वर्ष 2022 में आरोपी के खिलाफ थाना बीटा-2 में मुकदमा संख्या 454/22 धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

उत्तर प्रदेश पुलिस ने मोहम्मद चाँद की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। आखिरकार 25 मई 2025 को थाना बीटा-2 की पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए उसे राजस्थान के जिला बारां स्थित थाना अन्ता क्षेत्र के गांव भाया की बाड़ी का निवासी मोहम्मद चाँद पुत्र तंजीम को कोटा शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कोटा झील, पत्थर घोड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। इस गिरफ्तारी से न सिर्फ पुलिस को बड़ी राहत मिली है, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की जानकारी जुटा रही है, जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।