एनसीसी कैडेट्स के लिए संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का तीसरा दिन रहा ज्ञानवर्धक

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा, (22 मई 2025): ग्रेटर नोएडा स्थित एपीजे स्कूल, नोएडा में 31 उत्तर प्रदेश कन्या वाहिनी एनसीसी द्वारा आयोजित दस दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-124 (सीएटीसी-124) पूरे उत्साह के साथ चल रहा है। इस शिविर में प्रदेश भर से आए लगभग 600 एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं।

शिविर का तीसरा दिन गुरुवार, 22 मई को प्रातःकालीन व्यायाम और पीटी सत्र के साथ आरंभ हुआ। इसके बाद कैडेट्स को विभिन्न सैन्य और नागरिक जीवन उपयोगी प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण, हथियारों की जानकारी, ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट और सिमुलेटर फायरिंग शामिल रही। इन सत्रों के माध्यम से कैडेट्स की शारीरिक क्षमता, रणनीतिक सोच और अनुशासन में वृद्धि की जा रही है।

शिविर में प्रतियोगी भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सामूहिक गीत, नृत्य और बास्केटबॉल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों ने न केवल उनके मानसिक तनाव को दूर किया, बल्कि टीम भावना और नेतृत्व कौशल को भी विकसित किया।

कैडेट्स के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए शिविर में एक विशेष अतिथि व्याख्यान का भी आयोजन किया गया। इसमें फायर फाइटिंग व सुरक्षा के वरिष्ठ प्रबंधक श्रीमान सत्यप्रकाश त्रिपाठी ने उपस्थित होकर ‘फायर फाइटिंग एवं सुरक्षा’ विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कैडेट्स को आग से बचाव, आपात स्थिति में सुरक्षा उपायों और अग्निशमन उपकरणों के उपयोग के बारे में जागरूक किया।

शिविर का तीसरा दिन न केवल जानकारीपूर्ण रहा, बल्कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ। पूरे दिन का वातावरण ऊर्जा, जोश और सीखने की भावना से ओतप्रोत रहा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।