गौतमबुद्ध नगर | खेतों से कॉरपोरेट हब तक का सफर, तीनों प्राधिकरणों ने रची विकास की नई कहानी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
गौतमबुद्ध नगर (22 मई 2025): दिल्ली से सटा और एनसीआर का सबसे तेजी से विकसित होता जिला गौतमबुद्ध नगर अब सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में विकास, तकनीक और शहरी नियोजन एवं आमूलचूल परिवर्तन का एक चमकता हुआ उदाहरण बन गया है। पहले जहां यह इलाका गांव, खेती और पारंपरिक ग्रामीण जीवनशैली तक सीमित था, वहीं आज यह टेक्नोलॉजी, इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक निवेश का हॉटस्पॉट बन चुका है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे जैसे क्षेत्रों में जो बदलाव आया है, उसके पीछे जिले के तीनों प्रमुख विकास प्राधिकरण, नोएडा अथॉरिटी, ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की सशक्त भूमिका रही है। दिल्ली मेट्रो, नोएडा मेट्रो परियोजना, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, इंडस्ट्रियल यूनिट्स तथा शैक्षिक संस्थानों ने चारा चाँद लगा दिया है।
इतिहास और प्रारंभिक स्थिति
गौतमबुद्ध नगर जिले की स्थापना 6 सितंबर 1997 को भगवान बुद्ध के नाम पर की गई थी। इसका कुल क्षेत्रफल लगभग 1442 वर्ग किलोमीटर है और इसमें नोएडा, ग्रेटर नोएडा, ग्रेटर नोएडा वेस्ट, दादरी , दनकौर और जेवर जैसे प्रमुख क्षेत्र आते हैं। प्रारंभ में यह जिला मुख्यतः कृषि पर आधारित था। लेकिन राजधानी दिल्ली से समीपता और योजनाबद्ध विकास के दृष्टिकोण ने इसे जल्दी ही निवेश और निर्माण का केंद्र बना दिया।
नोएडा: औद्योगिक और डिजिटल राजधानी का रूपांतरण
नोएडा (New Okhla Industrial Development Authority) की स्थापना 17 अप्रैल 1976 को हुई थी। यह शहर विशेष रूप से दिल्ली के औद्योगिक और जनसंख्या दबाव को कम करने के उद्देश्य से बनाया गया था। आज यह देश की आईटी और रियल एस्टेट राजधानी के रूप में उभरा है। एचसीएल, एडोब, टीसीएस जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियां यहां स्थापित हैं। दिल्ली से जुड़ी मेट्रो लाइनें, नोएडा फिल्म सिटी, एमिटी यूनिवर्सिटी, फोर्टिस और कैलाश जैसे अस्पताल, एमिटी विश्वविद्यालय आदि इसे आधुनिक भारत की पहचान देते हैं। नोएडा अथॉरिटी की जिम्मेदारी शहरी योजनाएं बनाना, उद्योगों को भूमि आवंटन, जल, सीवेज और सड़कों की सुव्यवस्था करना और निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करना है।
ग्रेटर नोएडा: सुव्यवस्थित और स्मार्ट शहरी विस्तार की मिसाल
1991 में नोएडा के बढ़ते बोझ को कम करने और नई संभावनाओं के निर्माण के लिए ग्रेटर नोएडा की नींव रखी गई, जिसे GNIDA (ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी) संचालित करती है। यहां की चौड़ी सड़कें, हरित क्षेत्र, अंडरग्राउंड बिजली और व्यवस्थित टाउनशिप इसे एक स्मार्ट सिटी में परिवर्तित करती हैं। सेक्टर अल्फा, बीटा, गामा से लेकर नॉलेज पार्क, एक्सपो मार्ट, एफ 1रेस ट्रैक तक शहर का दायरा निरंतर बढ़ा। गलगोटिया और शारदा जैसी यूनिवर्सिटीज, स्मार्ट पोर्टल्स, कचरा प्रबंधन और पेपरलेस सेवाओं ने ग्रेटर नोएडा को एक आदर्श शहर बना दिया है।
यमुना एक्सप्रेसवे: भविष्य की राजधानी बनने की दिशा में अग्रसर
2001 में स्थापित यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने गौतमबुद्ध नगर के दक्षिणी क्षेत्र, विशेषकर जेवर, दनकौर और रबूपुरा में औद्योगिक, लॉजिस्टिक और शहरी विकास की नई लहर शुरू की। सबसे बड़ी परियोजना नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जो 2025 तक चालू होने की संभावना है। इसके अलावा नोएडा फिल्म सिटी, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, डेटा सेंटर पार्क, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और 5000 हेक्टेयर में फैला औद्योगिक क्षेत्र इस क्षेत्र को भविष्य की राजधानी बना रहे हैं। हालांकि, जल संकट, अवैध निर्माण, और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियां भी यहां सामने आई हैं, जिनका समाधान खोजा जा रहा है।
तीनों प्राधिकरणों का संयुक्त योगदान
नोएडा की औद्योगिक शक्ति, ग्रेटर नोएडा की सुव्यवस्था और यमुना एक्सप्रेसवे की भविष्यद्रष्टि ने मिलकर गौतमबुद्ध नगर को भारत की सबसे तेज़ी से विकसित होती जिलों में ला खड़ा किया है। यह केवल उत्तर प्रदेश का गौरव नहीं, बल्कि पूरे भारत के लिए एक मॉडल है कि कैसे योजनाबद्ध विकास और प्रशासनिक इच्छाशक्ति से गांवों और खेतों की भूमि को विश्व स्तरीय शहरों में बदला जा सकता है।
गौतमबुद्ध नगर आज महज एक जिला नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की शहरीकरण यात्रा का प्रतीक है। तीनों प्राधिकरणों की योजनाबद्ध नीतियों, तकनीकी नवाचारों और अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण, यहां के सांसद तथा विधायकों के योगदान ने इस क्षेत्र को कॉर्पोरेट से लेकर कॉमन मैन तक की उम्मीदों का केंद्र बना दिया है। आने वाले वर्षों में यह जिला और भी अधिक ऊंचाइयों को छूने की ओर अग्रसर है।
गौतमबुद्ध नगर के इस इस शहरी नियोजन , विकास तथा आमूलचूल परिवर्तन पर आप क्या राय रखते है? अपनी राय कमेंट बॉक्स में साझा करें अथवा Email news@tennews.in करें।।
संवादाता: मेघा राजपूत
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।