दिल्ली नगर निगम की स्थायी समिति की दो सीटों पर 2 जून को होगा चुनाव, जानें पूरी डिटेल्स
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (21 मई 2025): दिल्ली नगर निगम (MCD) की स्थायी समिति की दो महत्वपूर्ण सीटों पर 2 जून को चुनाव कराया जाएगा। ये सीटें उस वक्त खाली हुई थीं जब फरवरी में दो पार्षदों को विधायक चुना गया था। दोनों पार्षद दक्षिण जोन और सिटी-एसपी जोन समिति का प्रतिनिधित्व कर रहे थे, जिनकी रिक्तियों को अब भरने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। स्थायी समिति दिल्ली नगर निगम की सबसे प्रभावशाली इकाई मानी जाती है, जो वित्तीय और नीतिगत निर्णयों पर अंतिम मुहर लगाती है।
एमसीडी ने 19 मई को चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। इच्छुक उम्मीदवार 27 मई तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। इस बार चुनाव गुप्त मतदान से होगा और पार्षदों को संबंधित जोन की सभाओं में वोट डालना होगा। दक्षिण जोन और सिटी-एसपी जोन समिति के लिए नामांकन और मतदान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतदान के लिए समय सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित किया गया है, और मतगणना तत्पश्चात की जाएगी। स्थायी समिति का चुनाव इस बार खास मायने रखता है, क्योंकि आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर हाल ही में बड़े पैमाने पर बगावत हुई है। पार्टी के 15 पार्षदों ने इस्तीफा देकर इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) का गठन किया है। इस घटनाक्रम ने एमसीडी में सत्ता संतुलन को अस्थिर कर दिया है, जिससे यह चुनाव अधिक राजनीतिक और रणनीतिक महत्व का बन गया है।
2 जून को मतदान होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि किस पार्टी के पास वास्तव में बहुमत है और कौन अपने उम्मीदवारों को स्थायी समिति में जगह दिला पाता है। आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों ही इसे प्रतिष्ठा का सवाल बना सकती हैं। स्थायी समिति की रिक्त सीटें भरने के साथ ही यह स्पष्ट होगा कि क्या अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP का वर्चस्व अब भी बरकरार है या बगावती पार्षदों का नया गठजोड़ उसका असर दिखाएगा। साउथ जोन और सिटी-एसपी जोन से चुने गए प्रतिनिधियों की स्थिति आगामी नगर निगम की रणनीतियों को प्रभावित कर सकती है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।