दिल्ली सरकार ने ‘नो लीव’ आदेश तत्काल प्रभाव से लिया वापस, कर्मचारियों को बड़ी राहत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (21 मई 2025): भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनातनी के दौरान भारत सरकार द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के समय दिल्ली सरकार ने अपने स्वास्थ्य विभाग सहित सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी थी। अब स्थिति सामान्य होने के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा कदम उठाते हुए अपने 8 मई के दिए आदेश को वापस ले लिया है।दिल्ली सरकार ने अपने पूर्व आदेश क्रमांक 166, दिनांक 8 मई 2025, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को छुट्टी न देने का निर्देश दिया गया था, को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। मंगलवार, 21 मई 2025 को जारी ताज़ा आदेश में सेवा विभाग ने स्पष्ट किया कि अब उस आदेश की कोई वैधानिकता नहीं रहेगी और कर्मचारी पूर्व की भांति नियमानुसार छुट्टियों के लिए आवेदन कर सकते हैं।

सेवा विभाग की ओर से जारी आदेश (संख्या 184) में कहा गया है कि यह निर्णय सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के बाद लिया गया है। इस आदेश को सेवा विभाग के विशेष सचिव डॉ. अजय कुमार बिष्ट, आईएएस ने हस्ताक्षरित किया है। आदेश की प्रति उपराज्यपाल के प्रमुख सचिव, मुख्यमंत्री सचिव, विधानसभा अध्यक्ष, सभी मंत्रियों के सचिव, विपक्ष के नेता के ओएसडी और सभी मुख्य सचिवों को भेजी गई है।

यह फैसला कर्मचारियों के भारी दबाव और आलोचनाओं के बाद लिया गया है। 8 मई के आदेश के बाद सरकारी दफ्तरों में भारी असंतोष देखा गया था, खासकर उन कर्मचारियों में जिन्हें व्यक्तिगत या स्वास्थ्य कारणों से अवकाश की आवश्यकता थी। कई कर्मचारी संगठनों ने भी इस आदेश को अमानवीय करार देते हुए विरोध जताया था।अब ताज़ा आदेश के बाद स्थिति सामान्य हो सकेगी और कर्मचारी राहत की सांस ले सकेंगे। साथ ही यह फैसला प्रशासन की संवेदनशीलता को भी दर्शाता है कि सरकार फील्ड स्तर पर कर्मचारियों की ज़रूरतों को समझते हुए निर्णय ले रही है।

दिल्ली सरकार के इस कदम से यह भी स्पष्ट होता है कि अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्य स्थितियों में सुधार और संतुलन बनाए रखने को लेकर अब गंभीरता बरती जा रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।