दिल्ली की पहली किन्नर पार्षद बॉबी किन्नर ने छोड़ा अरविंद केजरीवाल का साथ, IVP में हुई शामिल
टेन न्यूज़ नेटवर्क
नई दिल्ली (21 मई 2025): दिल्ली नगर निगम चुनाव 2022 में आम आदमी पार्टी के टिकट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाली बॉबी किन्नर ने अब AAP से नाता तोड़ लिया है। दिल्ली की पहली ट्रांसजेंडर पार्षद बॉबी किन्नर ने आम आदमी पार्टी की नीतियों और नेतृत्व से नाराज होकर एक नई राजनीतिक राह चुनी है। उन्होंने इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी (IVP) का दामन थाम लिया है, जो हाल ही में AAP से नाराज हुए 15 पार्षदों द्वारा बनाई गई एक नई राजनीतिक इकाई है। बॉबी किन्नर ने सुल्तानपुरी-A वार्ड से जीत दर्ज कर दिल्ली की राजनीति में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए एक नया रास्ता खोला था। उनकी यह राजनीतिक यात्रा मिसाल बनी थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों से पार्टी से नाराजगी की खबरें चर्चा में थीं। अब यह नाराजगी सार्वजनिक होकर विद्रोह में बदल गई है।
बॉबी ने पार्टी छोड़ने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमलोगो को ढाई साल हो गया सदन में आए हुए ना ढंग से सदन चलता है, ना हमारी बात सुनी जाती है और ना ही कोई अधिकारी हमारी बात सुनता है। तो हम जनता में क्या मुंह लेकर जाएंगे? जब हम जनता में वादा करके आए थे कि अगर हम काउंसलर बने तो आपके सभी विकास कार्य जैसे गली, नाली , सीवर और पार्कों का विकास सारे काम हम लोग करेंगे। लेकिन इसके लिए अभी तक हमें ना कोई बजट मिला है और ना ही हम कोई काम कर पाए हैं। यही सब सोच करके हमने नई पार्टी बनाई है और मैं भी यह नई पार्टी ज्वाइन की है। मुझे लगता है कि हमारी पार्टी जनता में जो भी हम वादे करके आए हैं उसको पूरा करेंगी।
बॉबी किन्नर का नाम एक समय विवादों में भी रहा, जब उन पर फर्जी जाति प्रमाणपत्र के सहारे चुनाव लड़ने का आरोप लगा। हालांकि, दिल्ली हाईकोर्ट से उन्हें अग्रिम जमानत मिल चुकी है। इसके बावजूद उन्होंने राजनीतिक सक्रियता में कोई कमी नहीं आने दी। IVP के मंच से वे अब एक नई छवि और संकल्प के साथ जनता के बीच उतरने को तैयार हैं। इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी खुद को दिल्ली के लिए एक वैकल्पिक और जमीनी स्तर की राजनीतिक ताकत के रूप में पेश कर रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकेश गोयल ने कहा कि यह नया मंच पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास के मूल्यों पर आधारित होगा। पार्टी का मकसद है दिल्ली के उपेक्षित वर्गों को वास्तविक प्रतिनिधित्व देना, जिनकी आवाज मुख्यधारा की राजनीति में अक्सर अनसुनी रह जाती है।
AAP के लिए यह घटनाक्रम एक और बड़ा राजनीतिक झटका है। MCD में पहले ही पार्टी को भीतर से चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था, और अब 15 पार्षदों के सामूहिक विद्रोह ने पार्टी की आंतरिक एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बॉबी किन्नर जैसे प्रतीकात्मक और लोकप्रिय चेहरे का पार्टी छोड़ना दिल्ली की राजनीति में बदलाव की आहट माना जा रहा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।