नई दिल्ली (20 मई 2025): दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा विधायकों के फंड में की गई कटौती को लेकर विपक्ष ने तीखा हमला बोला है। आम आदमी पार्टी के बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां पहले सालाना 15 करोड़ रुपये का विधायक निधि फंड मिलता था, अब उसे घटाकर मात्र 5 करोड़ कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह वही फंड है जिससे स्थानीय क्षेत्र में उन कार्यों को अंजाम दिया जाता है जिन्हें अन्य किसी बजट से पूरा नहीं किया जा सकता।
विधायक संजीव झा ने कहा कि भाजपा सरकार ने दिल्ली का बजट 1 लाख करोड़ रुपये का पारित किया है, ऐसे में विधायकों के फंड को घटाना न केवल गलत है, बल्कि जनता की मूलभूत जरूरतों के साथ अन्याय भी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी ने लंबे समय बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की है, वो अब इसे “लूट का मौका” समझ रही है। फंड कटौती से न सिर्फ जनप्रतिनिधियों की विकास कार्यों में बाधा आएगी, बल्कि इससे जनता को भी खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
AAP विधायक ने भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि फंड में कटौती कर सरकार दरअसल विपक्षी विधायकों की आवाज और काम को दबाना चाहती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया गया, तो आम आदमी पार्टी विधानसभा से लेकर सड़कों तक विरोध करने में पीछे नहीं हटेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।