नोएडा एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (20 मई 2025): नोएडा में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक बुजुर्ग दंपती को तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना नोएडा एक्सप्रेसवे के पास ग्राम शाहदरा के नजदीक घटी।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान निर्मला देवी (55) और घायल व्यक्ति की पहचान उनके पति ओमप्रकाश (65) के रूप में हुई है। दोनों दंपती एक्सप्रेसवे किनारे पैदल चलकर अपने गांव शाहदरा लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। कार की स्पीड करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों काफी दूर तक सड़क पर उछलकर जा गिरे।
हादसे में दंपती को गंभीर चोटें आईं, विशेषकर सिर, हाथ और पैर पर गहरी चोटें पाई गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद निर्मला देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि ओमप्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में जिस कार से हादसा हुआ उसका रजिस्ट्रेशन नंबर डीएल 1 आरटीसी 6918 सामने आया है। पुलिस वाहन के मालिक और चालक की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ थाना सेक्टर-142 में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आईपीसी की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दुखद घटना के बाद गांव शाहदरा में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि एक्सप्रेसवे जैसे व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं ताकि पैदल चलने वालों की जान की हिफाजत सुनिश्चित की जा सके। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी चालक की गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।