पुलिसकर्मियों पर हमला: हथियार तस्करी की जांच कर रही टीम पर जानलेवा हमला
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (15 दिसंबर 2024): ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में पुलिसकर्मियों पर हमला होने की गंभीर घटना सामने आई है। बीटा-2 थाना की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप) टीम को हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। टीम ने दादरी क्षेत्र में जांच करने के लिए पहुंचने के बाद अचानक कुछ अपराधियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों में टीम प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर उत्तम कुमार, जिनके सिर में गंभीर चोटें आई हैं, भी शामिल हैं। उनके सिर पर 17 टांके लगे हैं। इसके अलावा एक सिपाही का पैर टूट गया, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मी सौरभ और मनोज भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमले के बाद पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, लेकिन इस घटना ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एसओजी टीम पर हमला अपराधियों की बेखौफ गतिविधियों को उजागर करता है, जो पुलिस की सुरक्षा और प्रभावशीलता पर सवालिया निशान खड़ा करता है।
पुलिस आयुक्त से इस मामले में प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके अलावा, अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला होने के बावजूद अब तक इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है ताकि यह सूचना शासन स्तर तक न पहुंचे। इस घटना से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने गौतमबुद्ध नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल’ को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।