योगी कैबिनेट ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर सेना और पीएम मोदी का जताया आभार

टेन न्यूज नेटवर्क

उत्तर प्रदेश (15 मई 2025): उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आज गुरुवार को आयोजित कैबिनेट बैठक में अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंत्रिपरिषद ने ऑपरेशन को भारत की सैन्य शक्ति, राष्ट्रीय एकता और आतंकवाद के खिलाफ सामूहिक संकल्प का प्रतीक बताया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और सेना की रणनीतिक दक्षता की सराहना की गई।

वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि “ऑपरेशन सिंदूर के सफल क्रियान्वयन ने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और आतंकवाद के विरुद्ध सख्त रुख को स्पष्ट किया है। उत्तर प्रदेश सरकार और प्रदेश की जनता की ओर से प्रधानमंत्री व भारतीय सेना का हार्दिक अभिनंदन किया गया है।”

कैबिनेट ने कहा कि ऑपरेशन की सफलता इस बात का प्रमाण है कि जब देश के नेतृत्व द्वारा सेना को स्पष्ट दिशा और स्वतंत्रता दी जाती है, तब भारत वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरता है।

बैठक में कैबिनेट मंत्रियों के साथ-साथ स्वतंत्र प्रभार व राज्य मंत्रियों को भी आमंत्रित किया गया था। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से बैठक के प्रारंभ में ही पारित किया गया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।