पाकिस्तान जैसे हैं कूड़े के पहाड़,जल्द हटेंगे लैंडफिल, बनेगा सुंदर पार्क: दिल्ली मेयर राजा इकबाल सिंह
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (15 मई 2025): दिल्ली के मेयर राजा इकबाल सिंह ने गुरुवार को ओखला लैंडफिल साइट का दौरा किया और वहां पत्रकारों से बातचीत में एक ऐसा बयान दे दिया जिसने चर्चा का माहौल गरमा दिया। मेयर ने कहा कि दिल्ली के लैंडफिल साइट्स किसी आतंकवादी देश जैसे हैं, जो लगातार गंदगी और परेशानी फैला रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान की तुलना इन कूड़े के पहाड़ों से करते हुए कहा—”जैसे पाकिस्तान आतंकवाद फैलाता है, वैसे ही ये कूड़े के पहाड़ गंदगी और बीमारी फैला रहे हैं।” उनके इस बयान ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल मचा दी है।
मेयर के साथ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी मौजूद थे। तीनों नेताओं ने ओखला लैंडफिल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान मेयर ने यह भी वादा किया कि जल्द ही इस लैंडफिल साइट को पूरी तरह हटा दिया जाएगा और उसकी जगह एक सुंदर पार्क बनाया जाएगा जो लोगों के लिए राहत और सुकून का स्थान बनेगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने साफ-सफाई को प्राथमिकता दी है और लैंडफिल हटाने की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है।राजा इकबाल सिंह ने कहा, “दिल्ली के लोगों से हमने साफ-सफाई का जो वादा किया था, उस पर तेजी से काम हो रहा है। ओखला, गाज़ीपुर और भलस्वा जैसी लैंडफिल साइट्स शहर की सेहत के लिए खतरा बन चुकी हैं। इनसे निकलती बदबू और जहरीली गैसों ने आसपास के रिहायशी इलाकों का जीवन दूभर कर दिया है। अब समय आ गया है कि दिल्ली इन कूड़े के पहाड़ों से आज़ाद हो।”
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान के हालात पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान जहां आतंकवाद, भुखमरी और कंगाली से जूझ रहा है, वहीं भारत स्वच्छता, विकास और सौंदर्य की ओर बढ़ रहा है। उनका कहना था कि भारत अब सिर्फ सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्वच्छता के क्षेत्र में भी पाकिस्तान से मीलों आगे है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “जिस तरह पाकिस्तान वैश्विक मंच पर बोझ बन चुका है, वैसे ही ये लैंडफिल साइट्स दिल्ली पर बोझ बन गई हैं और इन दोनों से जल्द मुक्ति जरूरी है।” उन्होंने यह भी बताया कि लैंडफिल हटाने के लिए मशीनों की संख्या बढ़ाई गई है, और नागरिक एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अगले कुछ महीनों में दृश्य परिवर्तन दिखना चाहिए। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि शहर की सफाई केवल सरकार नहीं, बल्कि नागरिकों की भी जिम्मेदारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।