तालाब का पानी किसानों के घरों में, यमुना प्राधिकरण ने वरिष्ठ प्रबंधक को पद से हटाया
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (15 दिसंबर 2024): यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के बांकापुर गांव में किसानों के घरों में तालाब का पानी भरने और मामले की अनदेखी के आरोपों पर यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. अरुणवीर सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। सीईओ ने डिवीजन-6 के वरिष्ठ प्रबंधक (वर्क सर्किल) प्रदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। अब उन्हें अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी कार्यालय में अटैच किया गया है।
बांकापुर गांव के किसानों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि तालाब का पानी उनके घरों में घुस रहा है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है। लंबे समय से गंदे पानी की निकासी न होने से गांव में बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वरिष्ठ प्रबंधक प्रदीप कुमार ने उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया और उनके बार-बार गुहार लगाने पर भी कोई कार्रवाई नहीं की।
सीईओ को मिली शिकायतों के अनुसार, प्रदीप कुमार न केवल जल निकासी की समस्या का समाधान करने में असफल रहे, बल्कि अपने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों को भी अनदेखा करते रहे। किसानों ने यह भी बताया कि जब उन्होंने समस्या पर बात करनी चाही तो प्रदीप कुमार उनसे झगड़ने लगे और अनुचित भाषा का उपयोग किया।
किसानों की शिकायतों को प्राथमिकता देते हुए, डॉ. अरुणवीर सिंह ने तुरंत एक्शन लिया। प्रदीप कुमार से डिवीजन-6 का चार्ज छीनकर उसे वरिष्ठ प्रबंधक वीपी सिंह को सौंप दिया गया। इसके अलावा, उन्हें प्राधिकरण के मुख्यालय से अटैच कर दिया गया, जहां उन्हें रोज़ाना रिपोर्ट देनी होगी। सीईओ ने साफ कर दिया कि यदि प्रदीप कुमार कार्यालय में हाज़िर नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीईओ ने बताया कि प्रदीप कुमार के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। ग्रामीणों के उत्पीड़न में शामिल अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।इस पूरे मामले के बाद यमुना प्राधिकरण के परियोजना विभाग में हड़कंप मच गया है। सीईओ के इस कदम को किसानों के हित में एक अहम पहल माना जा रहा है।।
hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल’ को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।