दुनिया की 12 भाषाओं में दिखेगी यूपी की अद्भुत झलक: योगी सरकार बनाएगी एनामॉर्फिक फिल्में
टेन न्यूज़ नेटवर्क
लखनऊ (13 मई 2025): उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत अब वैश्विक मंच पर दमदार उपस्थिति दर्ज कराने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में राज्य सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एक और बड़ी पहल की है। इसके तहत पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश के प्रमुख 12 पर्यटक सर्किट्स पर आधारित दो एनामॉर्फिक फिल्मों का निर्माण कराने जा रहा है, जो दुनिया की 12 प्रमुख भाषाओं में डब होकर अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचेगी।
12 प्रमुख सर्किट, 2 एनामॉर्फिक फिल्में
इस परियोजना के अंतर्गत राज्य के 12 प्रसिद्ध पर्यटक सर्किट्स रामायण सर्किट, कृष्ण-ब्रज सर्किट, महाभारत सर्किट, बौद्ध सर्किट, शक्तिपीठ सर्किट, आध्यात्मिक सर्किट, सूफी-कबीर सर्किट, जैन सर्किट, बुंदेलखंड सर्किट, वन्यजीव एवं ईको-टूरिज्म सर्किट, क्राफ्ट सर्किट और स्वतंत्रता संग्राम सर्किट को दो अलग-अलग 120 सेकंड की एनामॉर्फिक फिल्मों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
प्रत्येक फिल्म में छह-छह सर्किटों को समाहित किया जाएगा। इन फिल्मों में न केवल इन स्थलों की भव्यता और ऐतिहासिक महत्ता को रेखांकित किया जाएगा, बल्कि दृश्यात्मक और रचनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से इनकी विशिष्टता को भी दर्शाया जाएगा।
4K क्वालिटी, 12 अंतरराष्ट्रीय भाषाओं में डबिंग
इन एनामॉर्फिक फिल्मों को अत्याधुनिक 4K क्वालिटी में तैयार किया जाएगा। इनकी डबिंग अंग्रेज़ी के साथ 11 अन्य प्रमुख विदेशी भाषाओं फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, इतालवी, रूसी, पुर्तगाली, अरबी, थाई, जापानी, कोरियाई और चीनी में की जाएगी, जिससे उत्तर प्रदेश की आकर्षणपूर्ण छवि वैश्विक पर्यटन बाजार में सशक्त रूप से प्रस्तुत की जा सके।
पर्यटन को मिलेगा नया आयाम
सरकार का मानना है कि इन फिल्मों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की धार्मिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक धरोहर को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इससे न केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पहले से ही घरेलू पर्यटकों के आगमन में देश में शीर्ष स्थान पर है। अब यह कदम विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
120 दिनों में पूरी होगी परियोजना
पर्यटन विभाग ने परियोजना के लिए एक सख्त समयसीमा निर्धारित की है। चयनित एजेंसी को स्क्रिप्ट लेखन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन, संगीत संयोजन और वॉयस-ओवर सहित संपूर्ण निर्माण प्रक्रिया 120 दिनों के भीतर पूरी करनी होगी। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि तैयार फिल्में गुणवत्ता के मामले में भारत के अन्य राज्यों और केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय द्वारा निर्मित टेलीविजन फिल्मों के समकक्ष हों।
उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल न केवल पर्यटन को वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक होगी, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक विरासत को विश्व मानचित्र पर उकेरने में भी कारगर सिद्ध होगी। यह परियोजना योगी सरकार की दूरदृष्टि और पर्यटन को लेकर प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।