PM मोदी के संबोधन पर कांग्रेस की तीखी प्रतिक्रिया: “सवाल अनगिनत हैं, जवाब अब भी गुम” – सुप्रिया श्रीनेत

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 मई, 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 22 मिनट के राष्ट्र के नाम संबोधन पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कई अहम और संवेदनशील मुद्दों पर चुप्पी साधी, जिनके जवाब पूरा देश जानना चाहता है।

सुप्रिया ने सवाल उठाया, “डोनल्ड ट्रंप बार-बार दावा कर रहे हैं कि अमेरिका ने सीज़फायर करवाया और उन्होंने भारत को व्यापार के ज़रिए दबाव में लिया। इस पर प्रधानमंत्री खामोश क्यों हैं?”

उन्होंने यह भी पूछा कि जब भारतीय सेना पाकिस्तान पर बढ़त बना रही थी, तभी सीज़फायर क्यों किया गया।

श्रीनेत ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने कश्मीर पर अमेरिकी मध्यस्थता की बात को नजरअंदाज़ कर दिया, और यह संप्रभुता से समझौते जैसा है।

उन्होंने पूछा, “क्या भारत और पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों की किसी तीसरे देश में मुलाकात तय है? क्या हम पाकिस्तान से दोबारा कूटनीतिक संबंध बहाल करने जा रहे हैं?”

बीएसएफ जवान पूर्णम साहू की रिहाई, पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकियों का पता और इंटेलिजेंस फेल्योर जैसे मुद्दों पर भी कांग्रेस ने मोदी सरकार से जवाब मांगा।

“पूरा देश आपकी पीठ पर था, फिर भी POK से पाकिस्तान को क्यों नहीं खदेड़ा गया?” — सुप्रिया ने यह कहते हुए पीएम मोदी को जवाबदेह ठहराया।

टिप्पणियाँ बंद हैं।