तेज हवा और बारिश का येलो अलर्ट, कैसा रहेगा दिल्ली एनसीआर में मौसम का मिजाज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 मई 2025): दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में मई के पहले दस दिनों में सामान्य से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 मई को भी क्षेत्र में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के बाद उमस में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है, जिससे लोगों को गर्मी का दोहरा असर झेलना पड़ रहा है। दिल्ली के सफदरजंग समेत कई इलाकों में सामान्य से 1289 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि जनवरी से अप्रैल तक बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी नीचे रहा था।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 11 मई को राजधानी में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना है। आंधी के दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 50 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि इसके बाद बारिश की संभावना फिलहाल कुछ दिन के लिए कम हो जाएगी और गर्मी दोबारा अपना असर दिखा सकती है।

अगले कुछ दिनों का हाल देखें तो 12 और 13 मई को भी आसमान में आंशिक बादल बने रहेंगे और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 15 से 35 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है, जहां अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री और न्यूनतम 27 से 29 डिग्री तक जा सकता है। 14 से 16 मई के बीच हवाएं कमजोर पड़ेंगी, लेकिन आंशिक बादल बने रहेंगे। इस दौरान भी गर्मी बढ़ेगी और तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है।

मॉनसून को लेकर भी बड़ी अपडेट सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, इस बार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सामान्य से पहले 27 मई को केरल पहुंच सकता है, जबकि आमतौर पर मॉनसून एक जून को दस्तक देता है। अगर ऐसा होता है, तो यह 2009 के बाद मॉनसून का सबसे जल्दी आगमन होगा। मॉनसून की आधिकारिक शुरुआत तभी मानी जाती है जब यह केरल पहुंचता है और इसके बाद यह धीरे-धीरे पूरे देश में फैलता है।

मॉनसून के जल्दी या देर से पहुंचने और पूरे देश में वर्षा की मात्रा के बीच सीधा संबंध नहीं होता। मौसम विभाग के अनुसार, मॉनसून की प्रगति कई ग्लोबल, रीजनल और लोकल स्थितियों पर निर्भर करती है। हालांकि, इस साल जून से सितंबर के बीच सामान्य से अधिक बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे कृषि क्षेत्र को राहत मिल सकती है और तापमान में भी कुछ गिरावट आ सकती है।

राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखा गया। राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिसमें निम्बाहेड़ा (चित्तौड़गढ़) में सबसे अधिक 43 मिमी बारिश हुई। चूरू में अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 4 डिग्री कम था। 12 और 13 मई से राज्य में आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है, साथ ही तापमान में तीन से पांच डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।