पाकिस्तान ने फिर तोड़ा युद्धविराम, भारत ने दी सख्त चेतावनी: विक्रम मिस्री

 

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (10 मई 2025): भारत और पाकिस्तान के बीच घोषित युद्धविराम एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गया है। दोनों देशों ने शाम 5:00 बजे संघर्ष विराम की संयुक्त घोषणा की थी, लेकिन महज तीन घंटे के भीतर ही पाकिस्तान सेना ने इसका उल्लंघन कर दिया। शाम 8:00 बजे के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में गोलाबारी की घटनाएं सामने आईं, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव फिर से बढ़ गया। इस उल्लंघन पर भारतीय विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिस्री ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस स्थिति से पाकिस्तान की सरकार और सेना को अवगत करा दिया गया है। मिस्री ने कहा कि भारत शांति चाहता है, लेकिन अपनी सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं करेगा।

विक्रम मिस्री ने स्पष्ट किया कि भारतीय सेना को हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का आदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान युद्धविराम का पालन नहीं करता और उकसावे की कार्रवाई करता है, तो भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तत्पर है। उन्होंने पाकिस्तान को यथास्थिति बनाए रखने और समझौते का ईमानदारी से पालन करने की सलाह दी। मिस्री का यह सख्त रुख पाकिस्तान को यह संदेश देने के लिए था कि भारत अब किसी भी तरह की धोखेबाज़ी या एकतरफा हमले को बर्दाश्त नहीं करेगा और हर मोर्चे पर सख्ती से जवाब दिया जाएगा।

टिप्पणियाँ बंद हैं।