पाकिस्तानी आतंकी हमले को अब युद्ध मानेगा भारत, पाकिस्तान को चेतावनी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10 मई 2025): भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर पहुंच गया है। भारत सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि भविष्य में भारत की जमीन पर कोई आतंकी हमला होता है, तो उसे सीधे तौर पर युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा और उसी स्तर पर जवाब भी दिया जाएगा। सरकार के उच्चस्तरीय सूत्रों ने बताया कि यह निर्णय लगातार हो रहे ड्रोन हमलों और आतंकियों की घुसपैठ की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

बीते कुछ दिनों में पाकिस्तान द्वारा भारत पर हमले की कोशिशें तेज हुई हैं। गुरुवार और शुक्रवार की रात पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों पर ड्रोन से हमले करने की कोशिश की, जिसे भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते नाकाम कर दिया। यह हमला 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी में देखा जा रहा है, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े संगठन टीआरएफ ने 26 निर्दोष लोगों की जान ली थी। इस जघन्य कांड ने देश को झकझोर दिया और सरकार को आक्रामक नीति अपनाने पर मजबूर किया।

भारत ने पहलगाम हमले के जवाब में ऑपरेशन “सिंदूर” को अंजाम देते हुए पाक और पीओके स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की। इसमें 100 से अधिक आतंकियों को ढेर किया गया, जिनमें मसूद अजहर के परिवार के सदस्य और अन्य बड़े आतंकी शामिल थे। भारत की इस कार्रवाई से तिलमिलाए पाकिस्तान ने 400 से अधिक तुर्की ड्रोन के माध्यम से जम्मू और अन्य शहरों पर हमला किया, जिसे भारतीय रक्षा तंत्र ने सफलतापूर्वक विफल कर दिया।

शुक्रवार रात को भी पाकिस्तान ने भारत के 26 शहरों को ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे फिर नाकाम किया गया। भारत ने जवाब में पाकिस्तान के छह प्रमुख एयरबेस को निशाना बनाते हुए जवाबी कार्रवाई की। अब सरकार का सख्त रुख साफ है आतंकी कार्रवाई अब केवल कानून व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि राष्ट्र की संप्रभुता पर सीधा हमला मानी जाएगी, जिसका जवाब निर्णायक और युद्ध स्तर पर होगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।