भारत-पाक तनाव के बीच दिल्ली में सुरक्षा सख़्त, रात में साइनबोर्ड बंद रखने की अपील

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (10 मई 2025): भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। दिल्ली बीजेपी ने एहतियातन एक अहम अपील जारी की है, जिसमें राजधानी के व्यापारियों, होटल मालिकों और विज्ञापन एजेंसियों से कहा गया है कि वे रात के समय अपने बंद व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर लगे निऑन या अन्य रोशनी वाले साइनबोर्ड बंद रखें। पार्टी प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने कहा कि यह सुझाव किसी भी संभावित ब्लैकआउट या आपातकालीन परिस्थिति में सुरक्षा की दृष्टि से दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम जनता में डर फैलाने के लिए नहीं, बल्कि सतर्कता और सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।

दिल्ली पुलिस और प्रशासन ने मॉल, होटल, बाजार, मेट्रो स्टेशन, हवाई अड्डों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। ड्रोन के ज़रिए निगरानी, बम निरोधक दस्तों की तैनाती और क्विक रिस्पांस टीमों की गश्त में उल्लेखनीय इजाफा किया गया है। राजधानी के सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे हर गतिविधि पर सतर्क निगाह रखें। यात्रियों और स्थानीय लोगों की तलाशी भी सख्ती से की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

इस माहौल में आम नागरिकों ने भी सुरक्षा उपायों में प्रशासन का साथ देना शुरू कर दिया है। कई इलाकों में स्थानीय निवासी रात में घर और दुकानों की बाहरी रोशनी कम रखने की पहल कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी सतर्कता बरतने और अफवाहों से बचने की अपीलें साझा की जा रही हैं। दिल्ली में फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं लेकिन प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हर संभावित खतरे को भांपते हुए सक्रिय बनी हुई हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।