“एक राष्ट्र, एक चुनाव” पर प्रबुद्ध संगोष्ठी का आयोजन, विकास की गति को बताया प्राथमिकता

टेन न्यूज़ नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (07 मई 2025): लॉयड इंजीनियरिंग कॉलेज, नॉलेज पार्क ग्रेटर नोएडा विश्वविद्यालय में आज “एक राष्ट्र, एक चुनाव” विषय पर प्रबुद्ध संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले भर से कई प्रमुख गणमान्य व्यक्तियों, शिक्षकों और छात्रों ने भाग लिया।

मुख्य अतिथि मनोज पोसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी के बाद से अब तक लगभग 400 चुनाव हो चुके हैं। बार-बार चुनाव कराए जाने से देश पर भारी आर्थिक बोझ पड़ता है, और चुनाव आचार संहिता लागू होने के कारण विकास कार्य भी बाधित होते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यदि देश में एक साथ चुनाव कराए जाएं, तो इससे न केवल सरकारी खर्च में भारी बचत होगी बल्कि वही धनराशि विकास कार्यों में लगाई जा सकेगी, जिससे भारत एक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और तेजी से अग्रसर होगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “एक देश, एक चुनाव” पहल भारतीय लोकतंत्र को अधिक संगठित, पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उनके अनुसार, इससे प्रशासनिक स्थिरता बढ़ेगी, चुनावी खर्च में भारी कमी आएगी और आम जनता की भागीदारी भी अधिक सुनिश्चित होगी।

संगोष्ठी में जिले के कई वरिष्ठ नेता और समाजसेवी भी उपस्थित रहे जिनमें अरुण प्रधान, राज नागर, कर्मवीर आर्य, श्याम रावत, अर्पित तिवारी, ओमकार भाटी, कपिल गुर्जर, संदीप शर्मा, विजय कसाना, अमन कौशिक, नीतीश भाटी आदि प्रमुख थे। कार्यक्रम में लॉयड इंजीनियरिंग कॉलेज के सैकड़ों शिक्षक, शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएँ भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने विषय पर विचार साझा किए और राष्ट्र के भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में एकजुट होकर लोकतांत्रिक सुधारों की दिशा में कार्य करने के आह्वान के साथ किया गया।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।