“जाति बताएं राहुल गांधी… सनातन और हिंदू विरोधी हैं वे”: भाजपा सांसद मनोज तिवारी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (04 मई 2025): बुराड़ी क्षेत्र में रविवार को आयोजित एक जनसभा में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जाति-जनगणना के मुद्दे को लेकर राहुल गांधी से उनकी जाति सार्वजनिक करने की मांग करते हुए कहा कि “जब जातिगत जनगणना होगी, तब राहुल गांधी को भी बताना पड़ेगा कि वे किस जाति से हैं। फिर सारा भेद खुल जाएगा और दिल्ली ही नहीं, पूरी दुनिया को पता चल जाएगा कि उनकी असल पहचान क्या है।”
मनोज तिवारी ने राहुल गांधी पर सनातन और हिंदू धर्म विरोधी होने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच हिंदू विरोधी है और उनकी आस्था सनातन में नहीं, केवल ढोंग में है। तिवारी ने कहा, “वह सिर्फ हिंदू प्रतीकों का उपयोग दिखावे के लिए करते हैं। उन्हें न राम में आस्था है, न ही सनातन परंपराओं में। उनकी सारी राजनीति हिंदू भावनाओं को ठेस पहुँचाने के इर्द-गिर्द घूमती है।”
इस बयानबाज़ी का एक और संदर्भ सामने आया जब मनोज तिवारी ने राहुल गांधी की अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में दिए एक पुराने बयान की चर्चा की। राहुल गांधी ने वहाँ श्रीराम को “काल्पनिक” कहा था, जिसे लेकर भाजपा सांसद ने उन पर सीधा वार करते हुए कहा, “राहुल गांधी की यह सोच पूरी तरह हिंदू और राम विरोधी है। उन्हें हिंदू धर्म से चिढ़ है। उनकी यह सोच देश के करोड़ों सनातन मानने वालों की भावना को आहत करती है।”
तिवारी ने यह भी ऐलान किया कि वे अब घर-घर जाकर रामचरितमानस पहुंचाएंगे ताकि लोगों को सनातन की सच्चाई समझ में आए और उन्हें यह अहसास हो सके कि भारत की आत्मा राम और रामायण में बसती है। उन्होंने कहा कि “जो लोग श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक मानते हैं, उन्हें अपने ज्ञान पर पुनर्विचार करना चाहिए।”
राजनीतिक गलियारों में जाति जनगणना का मुद्दा लगातार गर्माया हुआ है और ऐसे में मनोज तिवारी के इस बयान ने एक नई बहस को जन्म दे दिया है। भाजपा जहां इसे सामाजिक पारदर्शिता का मुद्दा बता रही है, वहीं विपक्षी दल इसे सत्ता पक्ष की रणनीति के तहत देखने का प्रयास कर रहे हैं। क्या राहुल गांधी अपनी जाति सार्वजनिक करेंगे या इस हमले का कोई जवाब देंगे।इस पर अब सबकी निगाहें टिकी हुई हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।