आईपीएल के बीच हाई-टेक सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड समेत तीन गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (02 मई 2025): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने आईपीएल 2025 के मौजूदा सीजन के दौरान एक हाई-टेक ऑनलाइन सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। राजधानी के द्वारका सेक्टर-11 स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर पुलिस ने तीन लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। ये आरोपी अत्याधुनिक तकनीक की मदद से क्रिकेट मैचों पर सट्टा चला रहे थे। पुलिस को मौके से 3 लैपटॉप, 9 मोबाइल फोन, नोटबुक, LED टीवी, वाई-फाई राउटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी बरामद हुए हैं।

इस गिरोह का मास्टरमाइंड हिमांशु गुलाटी निकला, जिसने स्कूल की पढ़ाई भी पूरी नहीं की लेकिन सट्टेबाजी के डिजिटल नेटवर्क का संचालन कर रहा था। उसके साथ अमित कुमार और अमित माकोल ने पूरे रैकेट को व्यवस्थित ढंग से चलाया। पुलिस के मुताबिक, ये लोग खासतौर पर आईपीएल मैचों के दौरान ऑनलाइन दांव लगवाते थे और ग्राहकों को यूनिक कोड्स मुहैया कराते थे। तकनीकी सेटअप ऐसा था कि लाइव मैच के साथ ही सट्टा दरें भी स्क्रीन पर बदलती रहती थीं। 30 अप्रैल को एएसआई ओम को मिली गुप्त सूचना के बाद ACP राजपाल डबास और DCP हर्ष इंदौरा की निगरानी में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए द्वारका के फ्लैट पर छापा मारा और उस समय चल रहे चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के मैच पर सट्टा लगाते तीनों आरोपियों को पकड़ा। आरोपी सुप्रीम नामक ऐप का इस्तेमाल कर रहे थे, जिससे LED टीवी और लैपटॉप को HDMI के जरिए जोड़ा गया था।

पूछताछ में पता चला कि हिमांशु माइक से लाइव दरें बोलता था, अमित कुमार टैली सॉफ्टवेयर में डिजिटल रिकॉर्ड रखता था और अमित माकोल नोटपैड पर मैनुअल एंट्री करता था। कॉल्स को तीनों आपस में बाँटते थे ताकि हर सट्टेबाज की बात सही समय पर मास्टरमाइंड तक पहुंचे। यह पूरा सिस्टम तकनीकी रूप से अत्यंत संगठित था, जिससे पुलिस भी चकित रह गई। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फ्लैट अंकुर जिंदल नामक शख्स के नाम पर है और इसे विशेष रूप से सट्टेबाजी के लिए किराए पर लिया गया था। यह फ्लैट एक मोबाइल ऑपरेशन सेंटर की तरह काम करता था, जहां केवल मैच के समय गतिविधियां होती थीं। शेष समय में फ्लैट पूरी तरह बंद रहता था। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।