नोएडा के डंपिंग ग्राउंड में लगी आग, धुएं से घुटने लगी सांसें दमकल ने पाया काबू

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (2 मई 2025): नोएडा के सेक्टर-54 स्थित डंपिंग ग्राउंड में गुरुवार शाम एक बार फिर आग लगने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में किसी शरारती तत्व द्वारा फेंकी गई जलती बीड़ी या सिगरेट को इसके पीछे की वजह माना जा रहा है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम को आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद महज 15 मिनट में आग पर नियंत्रण पा लिया।

हालांकि, आग बुझने के बाद भी डंपिंग ग्राउंड से उठने वाले घने धुएं ने स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई घंटों तक इलाके में धुंध जैसी स्थिति बनी रही, जिससे सांस संबंधी रोगियों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई बात नहीं है। इस डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के ढेर में अक्सर आग लगती रहती है, जिससे जहरीला धुआं फैलता है और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

स्थानीय निवासियों ने प्राधिकरण और संबंधित विभागों से मांग की है कि डंपिंग ग्राउंड की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाए और आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। अग्निशमन विभाग ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण को पत्र लिखकर बार-बार आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

डंपिंग ग्राउंड की बार-बार आग की घटनाएं प्रदूषण के साथ-साथ जनस्वास्थ्य के लिए भी खतरा बन चुकी हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि इस तरह के अस्थायी कूड़ा निस्तारण स्थलों को या तो स्थानांतरित किया जाए या वहां पर आधुनिक कचरा प्रबंधन प्रणाली लगाई जाए, जिससे इस तरह की घटनाओं पर स्थायी रोक लग सके।‌।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।