दनकौर को मिलेगी बिजली कटौती से राहत, 15 मई से चालू होगा 20 मेगावाट का नया सबस्टेशन

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (1 मई 2025): बिजली संकट से जूझ रहे दनकौर कस्बे के निवासियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। वर्षों से बिजली कटौती की समस्या से परेशान इस क्षेत्र में अब 20 मेगावाट क्षमता वाला अत्याधुनिक विद्युत उपकेंद्र (सबस्टेशन) तैयार हो चुका है, जिसे 15 मई से संचालन में लाया जाएगा।

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPPCL) द्वारा दनकौर और ऊंची दनकौर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए यह नया सबस्टेशन कस्बे के बाहरी हिस्से में स्थापित किया गया है। विभाग के अधीनस्थ जूनियर इंजीनियर मंजीत जैन ने जानकारी दी कि सबस्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और मई के पहले सप्ताह तक शेष कार्य भी संपन्न कर लिया जाएगा।

इस उपकेंद्र के जरिए दो फीडरों से बिजली आपूर्ति की जाएगी, जिससे दनकौर सहित आसपास के क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। पहले इसे मार्च 2024 तक चालू करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन कुछ तकनीकी और निर्माण संबंधी बाधाओं के चलते कार्य में देरी हुई।

करीब 50 हजार की आबादी वाले दनकौर कस्बे में लंबे समय से लोग बार-बार होने वाली बिजली कटौती से परेशान थे। इस क्षेत्र में दो प्रमुख विश्वविद्यालय भी स्थित हैं, जिनमें पढ़ने वाले छात्र आसपास की पीजी में रहते हैं। बार-बार बिजली जाने से विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों को पढ़ाई, कामकाज और दिनचर्या में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय निवासियों ने नए सबस्टेशन के निर्माण पर संतोष जताते हुए उम्मीद जताई है कि 15 मई के बाद उनकी वर्षों पुरानी बिजली संबंधी समस्याएं दूर हो जाएंगी। सबस्टेशन के चालू होने से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में निरंतरता और स्थायित्व आएगा, जिससे आमजन को राहत मिलेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।